Bareilly News: बेटियों के हुनर से सजा आंवला का GGIC, सोशल मीडिया पर चर्चा में रहा नाटक
Sandesh Wahak Digital Desk: बरेली जिले के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (GGIC), आंवला में वार्षिक उत्सव का आयोजन बेहद हर्षोल्लास के साथ किया गया। स्कूल का प्रांगण तालियों की गूंज और छात्राओं के उत्साह से सराबोर रहा। इस मौके पर बेटियों ने मंच पर अपनी ऐसी प्रतिभा दिखाई कि वहां मौजूद हर शख्स दंग रह गया।
गणेश वंदना से हुआ मंगल आगाज़
कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक रूप से गणेश वंदना और मां सरस्वती की स्तुति के साथ हुई। इसके बाद स्वागत गान ने अतिथियों का मन मोह लिया। छात्राओं ने ‘जन्नत से काल’, ‘डांडिया नृत्य’, ‘कव्वाली’ और कई कॉमेडी एक्ट्स के जरिए दर्शकों को कभी भावुक किया तो कभी हंसने पर मजबूर कर दिया।
सोशल मीडिया पर चोट करता नाटक रहा ‘शो स्टॉपर’
इस उत्सव का सबसे बड़ा आकर्षण ‘कवि सम्मेलन’ और सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव पर आधारित एक नाटक रहा। छात्राओं ने अभिनय के जरिए बताया कि आज के दौर में सोशल मीडिया किस तरह हमारे जीवन को प्रभावित कर रहा है। इस प्रस्तुति की दर्शकों ने खूब सराहना की।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एसडीएम विदुषी सिंह का प्रधानाचार्य सुमन निगम ने बैज लगाकर भव्य स्वागत किया। अपने संबोधन में अतिथियों ने महिला शिक्षा और उनके सशक्तिकरण पर विशेष बल दिया। प्रधानाचार्य सुमन निगम ने विद्यालय की वार्षिक प्रगति रिपोर्ट पेश की और शानदार प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को पुरस्कृत कर उनकी हौसला अफजाई की।
इनका रहा विशेष सहयोग
कार्यक्रम को सफल बनाने में नीलम राठौर और अनीता सिंह ने कुशल संचालन किया। वहीं शैली यादव, पायल शर्मा, उर्मिला देवी, अनुराधा, अजर, नेहा, अनम, गजाला, सचिन पाठक और नीरज गौड़ सहित पूरे स्टाफ का सराहनीय सहयोग रहा।
रिपोर्ट: रंजीत बिसारिया
Also Read: ‘तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आजादी दूंगा’, सिद्धार्थ विश्वविद्यालय में गूंजा नेताजी का उद्घोष

