Bareilly News: तेज रफ्तार स्कूल वैन की चपेट में आया मासूम, तीन साल की उम्र में बुझ गई जिंदगी
Bareilly News: बरेली के भुता थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। गजनेरा गांव में तीन साल का मासूम अपने घर के बाहर खड़ा था कि तभी तेज रफ्तार स्कूल वैन ने उसे रौंद दिया। परिजन घायल बेटे को लेकर अस्पताल भागे, लेकिन रास्ते में ही उसकी सांसें थम गईं। मासूम की मौत से पूरे परिवार में कोहराम मच गया है।
घर के बाहर खेल रहा था मासूम
गांव गजनेरा निवासी सोमपाल गंगवार का तीन वर्षीय बेटा चिराग सुबह करीब सात बजे घर से बाहर निकला और सड़क किनारे खड़ा हो गया। उसी समय शहर के एक निजी स्कूल की वैन बच्चों को लेकर गुजर रही थी। अचानक वैन की चपेट में आने से चिराग गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद परिजन लहूलुहान बेटे को लेकर तुरंत अस्पताल की ओर दौड़े। लेकिन चिराग ने अस्पताल पहुँचने से पहले ही दम तोड़ दिया। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर सुनते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मां का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पिता, जो खेती और मजदूरी करके घर का खर्च चलाते हैं, पूरी तरह टूट गए हैं।
चालक हादसे के बाद फरार
परिजनों का आरोप है कि स्कूल वैन का चालक तेज रफ्तार से गाड़ी चला रहा था। हादसे के बाद वह वैन को लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना की खबर पूरे गांव में फैलते ही मातम पसर गया। जिसने भी सुना, उसकी आंखें नम हो गईं। मासूम चिराग की मासूमियत और नन्हीं हंसी अब सिर्फ यादों में रह गई है।
Also Read: Mainpuri News: कानपुर- दिल्ली के दो दोस्तों की मौत, देखने वालों के कांपे हाथ-पांव

