Bareilly News: मंत्री विजय लक्ष्मी गौतम की जन चौपाल में उमड़ी भीड़, शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश की ग्राम्य विकास राज्य मंत्री विजय लक्ष्मी गौतम ने शुक्रवार को बरेली के फरीदपुर तहसील के ताराखास गांव में जन चौपाल लगाई। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। ग्रामीणों ने गर्मजोशी के साथ मंत्री का स्वागत किया।
जन चौपाल में सबसे ज्यादा शिकायतें पेंशन योजनाओं से जुड़ी थीं, जिनमें वृद्धावस्था पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन और दिव्यांग पेंशन शामिल थीं। इसके अलावा, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना और राशन कार्ड से संबंधित कई शिकायतें भी सामने आईं।
शिकायतों के लिए लगेगा विशेष कैंप
मंत्री ने शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अगले सोमवार को ताराखास गांव में एक विशेष कैंप लगाएं। इस कैंप में संबंधित अधिकारी मौजूद रहेंगे ताकि ग्रामीणों की समस्याओं का तत्काल समाधान किया जा सके। मंत्री ने कहा कि लोगों के फॉर्म भरवाकर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाया जाए।
उन्होंने जिला विकास अधिकारी से यह भी पूछा कि अब तक जिले के गांवों में कितनी जन चौपालें लगी हैं, कितनी शिकायतें आईं और उनमें से कितनी का निस्तारण हुआ। उन्होंने इसकी पूरी रिपोर्ट भी मांगी।

गर्भवती महिलाओं की गोद भराई और बच्चों का अन्नप्राशन
जन चौपाल के दौरान मंत्री ने कई सामाजिक कार्यक्रमों में भी हिस्सा लिया। उन्होंने पांच गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की और छह बच्चों का अन्नप्राशन भी कराया। इसके अलावा, उन्होंने विभिन्न विभागों और स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाए गए स्टॉल्स का भी निरीक्षण किया। उन्होंने समूह की महिलाओं द्वारा बनाए गए उत्पादों की सराहना की और अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपनी जरूरत का सामान इन्हीं समूहों से खरीदें ताकि उन्हें प्रोत्साहन मिले।
इस मौके पर जिला विकास अधिकारी दिनेश कुमार यादव और ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के अधिशासी अभियंता समेत कई जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
Also Read: Lucknow Airport: एअर इंडिया की हैदराबाद फ्लाइट रद्द, यात्रियों ने किया हंगामा

