Bareilly News: जिलाधिकारी ने दिखाई तिरंगा रैली को हरी झंडी, दिया एकता का संदेश
Sandesh Wahak Digital Desk: आजादी का अमृत महोत्सव और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत बुधवार को बरेली में एक भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित इस रैली को जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने गांधी उद्यान से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए आयुक्त कार्यालय स्थित शहीद स्तंभ पर समाप्त हुई।
‘हर घर तिरंगा’ सिर्फ अभियान नहीं, गौरव का प्रतीक है’
रैली की शुरुआत में जिलाधिकारी ने सभी प्रतिभागियों को राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ सिर्फ एक अभियान नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से 15 अगस्त को अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराकर इस भावना को और सशक्त करने की अपील की।

रैली में विभिन्न स्कूलों के हजारों छात्र-छात्राएं, स्काउट गाइड, एनसीसी और एनएसएस के कैडेट्स, स्वयंसेवी संस्थाओं और आम नागरिकों ने जोश के साथ हिस्सा लिया।

जिलाधिकारी ने सेल्फी लेकर लोगों को किया प्रेरित
जिलाधिकारी ने गांधी उद्यान में बने तिरंगा सेल्फी पॉइंट पर खड़े होकर अपनी फोटो खिंचवाई। उन्होंने खुद भी तिरंगे के साथ सेल्फी ली और लोगों से अपील की कि वे भी तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी ‘हर घर तिरंगा’ की वेबसाइट पर अपलोड करें। इस रैली का मुख्य उद्देश्य लोगों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और उसके ऐतिहासिक महत्व के बारे में जागरूकता फैलाना था। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी सौरभ दुबे और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।
Also Read: Hardoi News: भाजपा नेता आशीष सोलंकी के खिलाफ FIR दर्ज, अभद्र भाषा विवाद से जुड़ा है मामला

