Bareilly News: पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, दो शातिर बदमाश गिरफ्तार, लूट की कई घटनाओं का खुलासा

Sandesh Wahak Digital Desk: बरेली पुलिस ने शुक्रवार देर रात मीरगंज थाना क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ के बाद दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। इन बदमाशों ने 26 अगस्त को एक महिला से सोने के कुंडल लूटने की घटना को अंजाम दिया था, जिसका खुलासा हो गया है। गिरफ्तार किए गए बदमाशों की पहचान सोहेल और तस्लीम के रूप में हुई है, जो आपस में भाई हैं।

मुठभेड़ और गिरफ्तारी का विवरण

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो संदिग्ध व्यक्ति एक बाइक के साथ नगरिया सादात जाने वाले रास्ते पर मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही दोनों बदमाशों ने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें दोनों बदमाश घायल हो गए। मुठभेड़ के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया और इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

बरामदगी और अपराधों का खुलासा

गिरफ्तार बदमाशों के कब्जे से दो तमंचे, जिंदा कारतूस, छीने गए चार सोने के कुंडल, दो मोबाइल फोन, 4,580 रुपये नकद और घटना में इस्तेमाल की गई KTM-250 Duke बाइक बरामद हुई है। पूछताछ में बदमाशों ने स्वीकार किया कि वे पिछले 8-9 महीनों से लूट और छिनैती की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। उन्होंने बरेली के अलग-अलग थाना क्षेत्रों, जैसे मीरगंज, भमौरा, आंवला, सीबीगंज, शीशगढ़ और इज्जतनगर में करीब 27-28 लूट की घटनाओं को अंजाम देने की बात कबूल की है।

बदमाशों ने बताया कि वे लूटे गए सामान को एक ज्वेलरी शॉप पर बेच देते थे और उससे मिलने वाले पैसों से अपने शौक पूरे करते थे और बाइक की किस्त भरते थे। पुलिस अब उनके एक और साथी वाहिद अली की तलाश कर रही है।

Also Read: यूपी में NEET काउंसलिंग में धांधली, फर्जी सर्टिफिकेट से 71 छात्रों ने पाई मेडिकल सीट, अब होगी FIR

Get real time updates directly on you device, subscribe now.