UP News: दिशा पाटनी के घर पर फायरिंग करने वाले दो बदमाश गाजियाबाद में STF एनकाउंटर में ढेर
यूपी, दिल्ली और हरियाणा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में हुआ खुलासा; दोनों गैंगस्टर थे रोहित-गोल्डी बराड़ गैंग के सदस्य
Sandesh Wahak Digital Desk: बरेली में अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर पर फायरिंग करने वाले दो बदमाशों को बुधवार को गाजियाबाद में एसटीएफ ने एक मुठभेड़ में मार गिराया। इस कार्रवाई में यूपी एसटीएफ के साथ दिल्ली पुलिस और हरियाणा पुलिस की क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम शामिल थी। एनकाउंटर में चार पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।
कैसे हुआ एनकाउंटर?
यूपी एसटीएफ के एएसपी राजकुमार मिश्रा ने बताया कि यह पूरी कार्रवाई एक गहन इंटेलिजेंस ऑपरेशन थी। सीसीटीवी फुटेज और अन्य इनपुट के आधार पर पुलिस को पता चला कि गोली चलाने वाले बदमाश हरियाणा के रहने वाले थे। उनकी पहचान रविंद्र उर्फ कल्लू (रोहतक) और अरुण (सोनीपत) के रूप में हुई।
इनपुट मिला कि ये दोनों गाजियाबाद के पास पहुंचने वाले हैं। पुलिस ने जाल बिछाया और जब उन्हें घेरने की कोशिश की, तो उन्होंने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से दोनों बदमाश गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
एनकाउंटर के बाद घटनास्थल से एक ग्लॉक पिस्टल, एक ज़िगाना पिस्टल, कई जिंदा कारतूस और एक सफेद रंग की अपाचे बाइक बरामद हुई है।
क्यों की थी फायरिंग?
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दोनों बदमाश कुख्यात रोहित-गोल्डी बराड़ गैंग के सक्रिय सदस्य थे। उन्होंने दिशा पाटनी के घर पर फायरिंग इसलिए की थी, क्योंकि उनकी बहन खुशबू पाटनी ने एक कथावाचक के बयान पर प्रतिक्रिया दी थी, जिसका संबंध प्रेमानंद महाराज से जोड़ा गया था।
खुशबू पाटनी ने अनिरुद्धाचार्य के दिए बयान का विरोध किया था, जिसके बाद यह हमला हुआ। घटना के बाद खुशबू के पिता ने साफ किया था कि उनकी बेटी ने प्रेमानंद महाराज का अपमान नहीं किया था और उनका परिवार उनका सम्मान करता है।
अधिकारियों का बयान
यूपी पुलिस के अपर महानिदेशक (ADG) अमिताभ यश ने बताया कि इस मुठभेड़ में दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच के सब-इंस्पेक्टर रोहित और हेड कॉन्स्टेबल कैलाश के साथ यूपी एसटीएफ के अंकुर और जय घायल हुए हैं। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई संगठित अपराध को खत्म करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
Also Read: यूपी में आफत बनकर आई बारिश और बिजली, 10 लोगों की मौत; जौनपुर में सबसे ज़्यादा नुकसान

