Bareilly News: 1 करोड़ कीमत का गांजा जब्त, उड़ीसा से दिल्ली जा रहे 2 अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के क्रम में, थाना भमोरा पुलिस और SOG टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने उड़ीसा से दिल्ली की ओर अंतर्राज्यीय स्तर पर अवैध गांजा की तस्करी करने वाले दो शातिर अभियुक्तों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

जब्त माल और गिरफ्तारी का विवरण

बरामदगी: 153.69 किलोग्राम उच्च गुणवत्ता वाला सूखा गाँजा, जिसकी अंतर्राष्ट्रीय बाज़ार में अनुमानित कीमत लगभग ₹01 करोड़ है।

पंजीकृत अभियोग: थाना भमोरा में मु.अ.सं. 527/25 धारा 8/20/29/60 NDPS एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है।

पुलिस कार्रवाई और तस्करी का तरीका

दिनांक 14.11.2025 की रात्रि में थाना भमोरा पुलिस और SOG टीम रम्पुरा तिराहे के पास नियमित वाहन चेकिंग कर रही थी। चेकिंग के दौरान रम्पुरा तिराहे से विशारतगंज की ओर जाने वाले मार्ग पर एक संदिग्ध ट्रक (UK06CC1027) आता दिखाई दिया।

आलम उर्फ अकरम और इस्लाम खां दोनों अभियुक्त ट्रक छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन सतर्क पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें मौके पर ही दबोच लिया। ट्रक की तलाशी लेने पर उसमें से गांजा बरामद हुआ। तस्करी में प्रयुक्त ट्रक को सीज कर लिया गया।

नेटवर्क का खुलासा

गिरफ्तार अभियुक्तों ने पूछताछ में बताया कि वे यह अवैध माल उड़ीसा से लोड करके ला रहे थे और इसे दिल्ली निवासी राकेश यादव और रामपुर निवासी फरमान (पुत्र फारुख) के लिए सप्लाई करना था। उन्हें उड़ीसा से आसकपुर स्टेशन (बिसौली) तक माल पहुंचाने के लिए ₹40,000 दिए गए थे। अभियुक्तों ने बताया कि उन्होंने हाइवे पर पुलिस चेकिंग की आशंका के चलते यह स्थानीय रास्ता चुना था, लेकिन फिर भी वे पकड़े गए। आर्थिक लाभ के लालच में इस अवैध धंधे में शामिल हुए दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध विधिक कार्यवाही पूर्ण कर उन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

Also Read: गोंडा में शर्मनाक घटना: शवगृह में मृतक की आंखों से छेड़छाड़ का आरोप, CM0 से जांच की मांग

Get real time updates directly on you device, subscribe now.