Bareilly News: फ्लाईओवर पर बड़ा हादसा, गन्ने से भरी ट्रॉली पलटने से कई वाहन भिड़े

Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली जनपद के फतेहगंज पूर्वी क्षेत्र में मंगलवार तड़के नेशनल हाईवे पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब गन्ने से भरी एक ट्रॉली फ्लाईओवर पर अचानक पलट गई। ट्रॉली के पलटते ही पीछे से आ रहे कई वाहन एक के बाद एक टकराते चले गए। हादसा इतना भीषण था कि हाईवे पर लंबा जाम लग गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल लोगों को अस्पताल भिजवाया और हाईवे पर व्यवस्था बहाल करने में घंटों मशक्कत करनी पड़ी।

टायर फटने से पलटी ट्रॉली

जानकारी के मुताबिक, मीरानपुर कटरा के गांव ईश्वरा निवासी दयाराम तड़के करीब चार बजे ट्रॉली में गन्ना भरकर चीनी मिल जा रहे थे। टिसुआ से पहले फ्लाईओवर पर अचानक ट्रॉली का टायर फट गया, जिससे ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। इसी दौरान शाहजहांपुर की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार कार ट्रॉली से टकराकर उछल गई और डिवाइडर पार कर दूसरी ओर जा पहुंची। गनीमत रही कि इस कार में सवार किसी को चोट नहीं आई।

कारों और ट्रक की भिड़ंत में 5 लोग घायल

पहली कार दुर्घटना को बचाने के चक्कर में पीछे आ रहे ट्रक चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए, जिससे मुरादाबाद के कटघर निवासी रजत की कार ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार में सवार रजत, उनकी पत्नी राजश्री, सास शीतल, बाबूराम और एक बच्चा घायल हो गए। पुलिस ने सभी को तुरंत एंबुलेंस से बरेली के निजी अस्पताल पहुंचवाया।

ट्रॉली पलटने के बाद गन्ना सड़क पर फैल गया था। गन्ने की फिसलन भरी सतह पर सुभाषनगर निवासी देवेंद्र की स्कूटी फिसल गई और वे सड़क पर गिर पड़े। हादसे में उनका पैर टूट गया। पुलिस ने उन्हें भी तत्काल अस्पताल भिजवाया।

फ्लाईओवर पर हाईमास्ट लाइटें बंद

वहीं इस हादसे के बाद एक बार फिर फ्लाईओवर की खराब रोशनी व्यवस्था सवालों के घेरे में है। घायल कार चालक रजत ने बताया कि फ्लाईओवर पर हाईमास्ट लाइटें लगी तो हैं, लेकिन एक भी लाइट नहीं जल रही थी। अंधेरा इतना था कि ट्रॉली पलटी होने का पता ही नहीं चल पाया। फतेहगंज पूर्वी क्षेत्र में लंबे समय से फ्लाईओवर की लाइटें बंद होने की शिकायतें मिल रही हैं।

थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि गन्ने की ट्रॉली पलटने से कई वाहन एक-दूसरे से टकरा गए थे। सभी घायलों को अस्पताल भेज दिया गया है और हाईवे से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सुचारू कर दिया गया है।

 

Also Read: आजम खान की मुश्किलें बरकरार: पहले जन्म प्रमाण पत्र, अब पैन कार्ड और अगली बारी पासपोर्ट केस की

Get real time updates directly on you device, subscribe now.