Bareilly News: पीएसी के सिपाही ने पत्नी की हत्या कर रची लूट की साजिश, तीन गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: बरेली जिले के थाना बिथरी चैनपुर पुलिस ने पीएसी के आरक्षी की पत्नी की हत्या के सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस हत्याकांड में मुख्य आरोपी मृतका का पति ही निकला, जिसने अपनी पत्नी की हत्या के लिए तीन लाख रुपये की सुपारी दी थी। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त जहरीले इंजेक्शन, सिरिंज, मृतका के आभूषण और वारदात में इस्तेमाल की गई गाड़ियां बरामद की हैं।
घटना का खुलासा
मृतका के पिता जगदीश ने 24 फरवरी 2025 को अपनी बेटी मीना उर्फ मीनू की हत्या के संबंध में दामाद रवि कुमार के खिलाफ थाना बिथरी चैनपुर में मामला दर्ज कराया था। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मामले की जांच शुरू की गई। पुलिस ने 27 फरवरी 2025 को बिथरी चैनपुर पुल के नीचे से मुख्य आरोपी रवि कुमार समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
हत्या की पूरी साजिश
रवि कुमार वर्ष 2018 से 8वीं वाहिनी पीएसी, बरेली में आरक्षी के पद पर तैनात था और सरकारी आवास में पत्नी व तीन बेटियों के साथ रह रहा था। रवि कुमार का एक महिला से प्रेम संबंध था, जिससे शादी करने के लिए उसने अपनी पत्नी की हत्या की साजिश रची।
रवि ने अपनी कार की मरम्मत के दौरान डेंटर शानू से संपर्क किया, जो पहले भी जेल जा चुका था। शानू ने अपने साथी जतिन को भी इस साजिश में शामिल कर लिया। जतिन, जो एक प्राइवेट एम्बुलेंस में नर्सिंग असिस्टेंट था, ने जहरीले इंजेक्शन से हत्या करने की योजना बनाई।
22 फरवरी को रवि अपनी पत्नी को प्लॉट दिखाने के बहाने ले गया, जहां पहले से मौजूद शानू और जतिन ने कार में ही मीना को सात जहरीले इंजेक्शन देकर उसकी हत्या कर दी। फिर, लूट का दिखावा करने के लिए शव से आभूषण उतार लिए और फरार हो गए। रवि ने खुद को भी लूट और हमले का शिकार दिखाने के लिए पास की झाड़ियों में जाकर लेट गया और पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की।
गिरफ्तार आरोपी:
- रवि कुमार पुत्र गनेशी, निवासी सियारी, थाना मिलक, जनपद रामपुर।
- शानू पुत्र शकील हुसैन, निवासी सैदपुर खजुरिया, थाना बिथरी चैनपुर, बरेली।
- जतिन पुत्र जितेंद्र पाल सिंह, निवासी माधौवाड़ी, थाना प्रेमनगर, बरेली।
बरामद सामान:
- मृतका के सोने के जेवर – 2 बालियां, 2 कुंडल, 1 मंगलसूत्र
- हत्या में प्रयुक्त जहरीले इंजेक्शन व सिरिंज
- आरोपियों की मोटरसाइकिल (UP 25 AR 1239)
- रवि कुमार की स्विफ्ट डिजायर कार (DL 8CW 5270)
अपराधियों का आपराधिक इतिहास
रवि कुमार पर इस हत्या के अलावा कोई अन्य मामला दर्ज नहीं था, लेकिन शानू के खिलाफ पहले से कई गंभीर मामले दर्ज थे। जतिन का भी इस हत्याकांड में शामिल होने का खुलासा हुआ है।
पुलिस का बयान
अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) बरेली ने बताया कि पुलिस ने पूरी घटना का सफल अनावरण कर लिया है और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। अभियुक्तों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
Also Read:

