Bareilly News: पुलिस ने किया ब्लड की कालाबाजारी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश,4 शातिर गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के बरेली में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। थाना कोतवाली पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है जो गरीब, मजदूर और नशा करने वाले लोगों को पैसों का लालच देकर उनके खून की कालाबाजारी करता था। पुलिस ने इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
क्या है पूरा मामला?
सोमवार (04.08.2025) की रात, थाना कोतवाली पुलिस टीम नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान, उन्हें एक विश्वसनीय सूत्र से जानकारी मिली कि थाना क्षेत्र में कुछ लोग गरीबों, मजदूरों और नशे के आदी लोगों को पैसों का लालच देकर फंसाते हैं और उनके शरीर से खून निकालकर ऊंचे दामों पर बेचते हैं। सूचना मिली कि ये लोग आज भी IMA ब्लड बैंक के पास ऐसे ही लोगों की तलाश कर रहे हैं।
पुलिस की कार्रवाई
सूचना मिलते ही, कोतवाली पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने देखा कि IMA ब्लड बैंक के गेट के पास चार व्यक्ति कुछ लोगों से बात कर रहे थे, जो गरीब और मजदूर लग रहे थे। ये लोग उन्हें पैसे के बदले खून देने के लिए राजी कर रहे थे। पुलिस टीम ने चारों को मौके से हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध कबूल कर लिया। उन्होंने बताया कि वे मजदूरों, नशेड़ियों और जरूरतमंदों को 1000-2000 रुपये का लालच देकर ब्लड डोनेट करने के लिए राजी करते थे। इसके बाद, वे उन्हें रिश्तेदार बताकर IMA ब्लड बैंक ले जाते और उनका ब्लड निकालकर ऊंचे दामों पर बेच देते थे।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण
प्रेमनाथ (उम्र 50 वर्ष): पुत्र रामबूबा, निवासी पुराना ताड़ीखाना, आजमनगर, थाना कोतवाली, बरेली। प्रेमनाथ जूस का ठेला लगाता है और गिरोह के लिए मजदूरों की तलाश करता था।
धीरेन्द्र शर्मा (उम्र 32 वर्ष): पुत्र महेन्द्रपाल शर्मा, निवासी 294 इंदिरा नगर, थाना प्रेमनगर, बरेली। धीरेन्द्र पहले कूरियर का काम करता था और वह भी मजदूरों को फंसाने में शामिल था।
अभय (उम्र 19 वर्ष): पुत्र नरेंद्र कुमार, निवासी अभयपुर लाल फाटक, थाना कैंट, बरेली। अभय IMA ब्लड बैंक में सफाई का काम करता है और ब्लड खरीदने आए लोगों से संपर्क साधकर डोनर उपलब्ध कराता था।
विनीत (उम्र 25 वर्ष): पुत्र रवींद्र कुमार, निवासी अभयपुर लालफाटक, थाना कैंट, बरेली। विनीत भी IMA ब्लड बैंक में सफाई का काम करता है और अभय की तरह डोनर उपलब्ध कराने में मदद करता था।
गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ थाना कोतवाली में मु०अ०सं० 395/2025 धारा 318(2)/272 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
Also Read: Lucknow News: विकासनगर में पुलिस ने पकड़े दो कुख्यात चोर, जेवर और नकदी बरामद

