Bareilly News: पुलिस ने हनी ट्रैप गिरोह का किया पर्दाफाश, 5 आरोपी गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: बरेली के इज्जतनगर थाना क्षेत्र में पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो ‘हनी ट्रैप’ के जरिए भोले-भाले लोगों को फंसाकर उनसे पैसे और गहने ऐंठता था। पुलिस ने इस गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक महिला भी शामिल है। पुलिस ने इनके पास से 6 मोबाइल फोन और एक स्कॉर्पियो कार भी बरामद की है।
क्या था हनी ट्रैप का मामला?
पुलिस के अनुसार, आकाश नाम का आरोपी हनी उर्फ नेहा खान नाम की महिला के साथ मिलकर लोगों को फंसाने का काम करता था। इसी सिलसिले में आकाश ने पीड़ित अमित राठौर का मोबाइल नंबर हनी को दे दिया। हनी ने अमित से दोस्ती की और उसे 17 अगस्त को एक होटल में बुलाया। वहाँ हनी ने अपने गिरोह के अन्य सदस्यों को भी बुला लिया, जिनमें गुड्डू बंजारा, अवधेश, मिथलेश गंगवार और मोहित मिश्रा शामिल थे।
गिरोह के सदस्यों ने अमित को अपनी स्कॉर्पियो कार में अगवा कर लिया और एक सुनसान जगह पर ले गए। वहाँ उन्होंने अमित के साथ मारपीट की और उसका वीडियो बना लिया। फिर उसे बलात्कार के झूठे केस में फंसाने और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर 5 लाख रुपये की फिरौती मांगी। डरकर अमित ने उन्हें ₹30,000 नकद और एक सोने की अंगूठी दे दी। इसके बाद भी आरोपी लगातार उससे 5 लाख रुपये मांग रहे थे। पीड़ित की शिकायत पर थाना इज्जतनगर में मामला दर्ज किया गया था।
Also Read: ‘अखिलेश की पीडीए सिर्फ अत्याचार पर आधारित’, मंत्री ओम प्रकाश राजभर का बड़ा हमला

