Bareilly News: अंतर्राष्ट्रीय बाजार में 2.80 लाख रुपये की स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: बरेली जिले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत, बरेली पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। थाना बारादरी पुलिस ने एक शातिर मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार किया है, जिसके कब्जे से 28 ग्राम स्मैक बरामद हुई है। जब्त की गई स्मैक की अंतर्राष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 2.80 लाख रुपये है।
पीलीभीत बाईपास रोड से हुई गिरफ्तारी
पुलिस द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, 15 अक्टूबर 2025 की रात थाना बारादरी पुलिस टीम गश्त पर थी। इसी दौरान, चौकी प्रभारी जगतपुर रामवीर सिंह को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति पीलीभीत बाईपास रोड पर स्मैक बेचने जा रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी की और एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान सलमान पुत्र नवाब (उम्र 23 वर्ष), निवासी जगतपुर मोहन तालाब, थाना बारादरी, बरेली के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 28 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
फतेहगंज पश्चिमी से खरीदता था स्मैक
पूछताछ में अभियुक्त सलमान ने बताया कि वह यह स्मैक फतेहगंज पश्चिमी में ब्रिज के नीचे से मुन्ना नामक व्यक्ति से खरीदता था और फिर घूम-घूम कर राहगीरों को बेचता था। वह आज भी स्मैक बेचने के लिए जा रहा था, तभी पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज
बरामदगी के आधार पर, अभियुक्त सलमान के खिलाफ थाना बारादरी में मु0अ0सं0 1218/2025 धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है। अभियुक्त का विस्तृत आपराधिक इतिहास है, जिसमें 376 (बलात्कार), 4/25 आर्म्स एक्ट और 8 पॉक्सो एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओं के तहत पहले से कई मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने विधिक कार्यवाही पूरी करने के बाद अभियुक्त को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया है। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ पुलिस का अभियान जारी रहेगा।
Also Read: Bareilly News: बाइक चोरों का बड़ा गिरोह गिरफ्तार, 8 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद

