Bareilly News: गैनी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण, गंदगी देख CMO हुए नाराज, कार्रवाई की दी चेतावनी
Sandesh Wahak Digital Desk: बरेली के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. विश्राम सिंह ने रविवार को ब्लॉक मंझगवा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, गैनी का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में गंदगी और अव्यवस्थाओं को देखकर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई और स्पष्ट निर्देश दिए कि स्वास्थ्य केंद्र परिसर में कूड़ा करकट डालने वालों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।
सीएमओ ने अस्पताल में निर्माणाधीन छह बेड वाले वार्ड का निरीक्षण किया, साथ ही प्रयोगशाला समेत अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं का भी जायजा लिया।
इस दौरान उन्होंने सीएचसी प्रभारी डॉ. सुशील गुप्ता से अस्पताल में आ रही समस्याओं की जानकारी ली और कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप ग्रामीणों को बेहतर और सुलभ चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि इलाज के लिए किसी को जिला मुख्यालय न जाना पड़े।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने पाया कि अस्पताल परिसर में आवारा पशुओं का जमावड़ा है और जगह-जगह गंदगी फैली हुई है।
उन्हें बताया गया कि अस्पताल की बाउंड्री वॉल को अज्ञात लोगों द्वारा तोड़ दिया गया है, जिसके चलते आसपास के लोग परिसर में कूड़ा फेंक रहे हैं।
इससे मरीजों और उनके परिजनों में संक्रामक रोग फैलने का डर बना रहता है।
सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह ने बताया कि इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को अवगत कराया जाएगा, ताकि गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
उन्होंने अस्पताल स्टाफ को भी साफ-सफाई और व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी चिकित्सा अधिकारी मंझगवा डॉ. सुशील गुप्ता, लैब असिस्टेंट अनूप, सीएचओ उमरानी, एएनएम सोनाली, संगिनी उषा समेत अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

