Bareilly News: 20 लाख की अफीम के साथ दो गिरफ्तार, बाइक और मोबाइल भी बरामद

Sandesh Wahak Digital Desk: आगामी त्योहारों को देखते हुए बरेली पुलिस इन दिनों काफी सतर्क है। इसी मुस्तैदी के चलते थाना अलीगंज पुलिस ने गुरुवार रात करीब 10 बजे चंदनपुर कब्रिस्तान के पास से दो संदिग्ध बाइक सवारों को गिरफ्तार किया। इनके पास से भारी मात्रा में अफीम बरामद हुई है।

पुलिस को देख भागने की कोशिश, पर धरे गए

पुलिस टीम जब चंदनपुर के पास गश्त कर रही थी, तभी बाइक पर आ रहे दो युवकों को रुकने का इशारा किया गया। पुलिस को देखते ही दोनों ने बाइक मोड़कर भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उन्हें मौके पर ही दबोच लिया।

पकड़े गए अभियुक्त

लाल सिंह (30 वर्ष): निवासी लक्ष्मणपुर, आंवला (बरेली)।

दीपांशु (19 वर्ष): निवासी रामनगर, आंवला (बरेली)।

बरामदगी और कीमत

तलाशी के दौरान इनके पास से 820 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस अफीम की कीमत करीब 20 लाख रुपये आंकी जा रही है। अफीम के साथ-साथ पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल होने वाली बाइक और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।

गिरफ्त में आए तस्करों ने कुबूल किया कि वे यह अफीम किसी अनजान व्यक्ति से सस्ते दामों पर खरीदते थे। उनका मकसद इसे ऊंचे दामों पर बेचकर मोटा मुनाफा कमाना था। उन्होंने बताया कि वे इसी अवैध धंधे से अपने परिवार का गुजारा करते हैं। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इनके तार और किन-किन बड़े तस्करों से जुड़े हैं।

कानूनी कार्रवाई

अलीगंज पुलिस ने दोनों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 8/18 के तहत मुकदमा (मु.अ.सं. 34/26) दर्ज कर लिया है। कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

Also Read: लखनऊ यूनिवर्सिटी में बवाल: शिवाजी जयंती और RSS के शताब्दी समारोह पर भिड़े छात्र, कई हिरासत में

Get real time updates directly on you device, subscribe now.