Bareilly News: दुष्कर्म के दो आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, तमंचे और कार बरामद
Bareilly News: बरेली जिले के आंवला थाना क्षेत्र में दुष्कर्म के दो आरोपियों को पुलिस ने मंगलवार देर रात मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें घायल अवस्था में दबोच लिया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से दो तमंचे, कारतूस, एक मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त वैगनआर कार बरामद की है।
महिला ने लगाया दुष्कर्म का आरोप
मामला 9 सितंबर का है, जब बदायूं निवासी एक महिला ने पुलिस को सूचना दी कि इंस्टाग्राम पर उसकी दोस्ती शानू पुत्र अतीक अहमद (निवासी मनौना, थाना आंवला) से हुई थी। शानू ने खुद को “शनि” बताकर महिला से संपर्क किया और मिलने के बहाने उसे मनौना धाम बुलाया। वहां से शानू अपने साथी आरिफ पुत्र शब्बीर (निवासी मनौना) के साथ वैगनआर कार में महिला को बिसौली रोड ले गया, जहां दोनों ने मिलकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
पीड़िता की तहरीर पर आंवला थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी साउथ अंशिका वर्मा, सीओ आंवला और थाना प्रभारी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की।
मुठभेड़ में धरे गए आरोपी
पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी फरार होने की फिराक में हैं और रेवती मोड़ पर मौजूद हैं। घेराबंदी के दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षार्थ गोली चलाई, जिससे शानू के दोनों पैरों और आरिफ के दाहिने पैर में गोली लगी। घायल होने के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
क्या-क्या बरामद हुआ?
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने:
-
2 तमंचे
-
2 खोखा कारतूस
-
4 जिंदा कारतूस (315 बोर)
-
1 मोबाइल फोन
-
घटना में प्रयुक्त वैगनआर कार
बरामद की है। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Also Read: अभिषेक बच्चन ने डीपफेक और फर्जी कंटेंट पर किया केस, अपनी छवि के बचाव में पहुंचे दिल्ली हाई कोर्ट

