Bareilly News: 50 हज़ार की चोरी करने वाले दो शातिर पॉकेटमार गिरफ्तार, मुठभेड़ में एक घायल
Sandesh Wahak Digital Desk: बरेली पुलिस को अपराध नियंत्रण अभियान के तहत बड़ी सफलता मिली है। थाना कोतवाली पुलिस ने शहर में जेब काटने की घटनाओं को अंजाम देने वाले दो शातिर अभियुक्तों को शुक्रवार (दिनांक 14.11.2025) को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में एक अभियुक्त के पैर में गोली लगी है।
मुठभेड़ और गिरफ्तारी का विवरण
थाना कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जेब काटने की घटनाओं में शामिल दो व्यक्ति इस्लामिया ग्राउन्ड में बने खंडहर में एक और घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं।
पुलिस टीम ने जब घेराबंदी कर अपराधियों को पकड़ने का प्रयास किया, तो अभियुक्तों ने पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस द्वारा आत्मरक्षा में की गई जवाबी फायरिंग में एक अभियुक्त गोविन्द उर्फ लाला (उम्र 31 वर्ष, निवासी कन्नौज) के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। पुलिस ने घायल गोविन्द उर्फ लाला और उसके साथी टिंकू उर्फ अधा (उम्र करीब 28 वर्ष, निवासी फर्रुखाबाद) को त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया। घायल अभियुक्त को उपचार हेतु जिला अस्पताल भेजा गया है।
बरामदगी और अपराधों की स्वीकारोक्ति
गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से चोरी किए गए ₹3600 नकद और अपराध में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद की गई है। अभियुक्तों के पास से एक तमंचा (315 बोर), एक जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, तीन सर्जिकल ब्लेड, चार साधारण ब्लेड (जेब काटने में प्रयुक्त), और एक अपाचे मोटरसाइकिल।
गिरफ्तार अभियुक्तों ने पूछताछ में थाना कोतवाली पर पंजीकृत दो प्रमुख मुकदमों (मु.अ.सं. 486/2025 – ₹50 हज़ार चोरी और मु.अ.सं. 560/2025 – ₹9 हज़ार चोरी) की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है। उन्होंने यह भी बताया कि ज्यादातर रुपए खर्च हो चुके हैं और बचे हुए पैसों से वे और चोरी की योजना बना रहे थे। दोनों अभियुक्तों के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Also Read: मोकामा में ‘छोटे सरकार’ का दबदबा बरकरार, जेल में रहकर भी अनंत सिंह ने 28 हज़ार वोटों से मारी बाज़ी

