Bareilly News: बरेली में किसान की संदिग्ध मौत पर बवाल: बेटी ने इंस्पेक्टर के पैरों पर सिर रखकर लगाई न्याय की गुहार, बोली-“मेरे सामने पापा को मार डाला”

Sandesh Wahak Digital Desk: बरेली के फरीदपुर इलाके में गुरुवार को उस वक्त हंगामा मच गया जब एक किसान की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि राजस्व विभाग की टीम खेत की पैमाइश करने पहुंची थी, तभी यह हादसा हुआ। मृतक के परिजनों ने गांव के कुछ लोगों पर साजिशन हत्या का आरोप लगाया है। किसान की बेटी का दर्द देखकर हर किसी की आंखें नम हो गईं।

बंजरिया गांव निवासी 40 वर्षीय किसान पप्पू अपने खेत में बना मकान बनाकर परिवार के साथ रहते थे। गुरुवार को राजस्व टीम पुलिस बल के साथ गांव पहुंची थी। आरोप है कि ग्राम प्रधान के कहने पर टीम ने खेत की मेड़ से लगी जमीन को चकमार्ग बताते हुए पैमाइश शुरू की और किसान की धान की खड़ी फसल को चकमार्ग में शामिल कर लिया। इसी दौरान किसान पप्पू की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद राजस्व टीम आनन-फानन में मौके से रवाना हो गई, जिससे लोगों का गुस्सा भड़क उठा। किसान के परिजन ट्रैक्टर ट्रॉली में शव रखकर फरीदपुर थाने पहुंचे और वहां हंगामा शुरू कर दिया। गांव के ही कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाया गया है।

बेटी की गुहार ने झकझोर दिया 

पप्पू की इकलौती बेटी रूबी फूट-फूटकर रोने लगी। वह इंस्पेक्टर क्राइम रविंद्र नैन के पैरों पर सिर रखकर बोली, “मेरे सामने पापा को मार डाला, मुझे इंसाफ चाहिए।” इस मार्मिक दृश्य को देख हर किसी की आंखें नम हो गईं। वहीं, गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जो भी दोषी होगा, उस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

परिजन बोले – प्रधान और राजस्व टीम की मिलीभगत से हुई मौत

परिजनों ने आरोप लगाया है कि ग्राम प्रधान और राजस्व टीम की मिलीभगत से किसान की जमीन पर जबरन चकमार्ग निकाला गया, जिससे उनकी फसल को नुकसान हुआ और इसी तनाव में पप्पू की मौत हो गई। अब यह मौत हृदयाघात से हुई या साजिश के तहत, इसकी जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की छानबीन जारी है। ग्रामीणों में आक्रोश बना हुआ है और वे लगातार कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Also Read: Lucknow News: सिख समाज ने महापौर सुषमा खर्कवाल का किया सम्मान, इन…

Ask ChatGPT

Get real time updates directly on you device, subscribe now.