Bareilly News: खाली मकान में बिना अनुमति सामूहिक नमाज पढ़ रहे 12 लोग हिरासत में, 3 फरार
Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में एक खाली पड़े मकान में बिना अनुमति सामूहिक नमाज पढ़ने और उसे अवैध रूप से मदरसा बनाने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों की शिकायत के बाद बिशारतगंज पुलिस ने मौके पर छापेमारी की और 12 नमाजियों को हिरासत में लिया। पुलिस ने कड़ी चेतावनी दी है कि बिना अनुमति के किसी भी नई परंपरा या आयोजन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पूरा मामला थाना बिशारतगंज क्षेत्र के मोहम्मदगंज गांव का है। बताया जा रहा है कि यहां हनीफ नाम के एक व्यक्ति का घर काफी समय से खाली पड़ा था। पिछले कुछ जुमों (शुक्रवार) से गांव के कुछ लोग इस घर को अस्थायी मदरसा बनाकर यहां सामूहिक रूप से नमाज अदा कर रहे थे। जब ग्रामीणों ने इस नई परंपरा को देखा, तो उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही कार्यवाहक थाना इंचार्ज अनीस अहमद ने पुलिस टीम के साथ मोहम्मदगंज गांव में दबिश दी। पुलिस जब मौके पर पहुँची, तो घर के अंदर सामूहिक नमाज चल रही थी। पुलिस ने जब वहां मौजूद लोगों से घर में नमाज पढ़ने या मदरसा चलाने की लिखित अनुमति मांगी, तो वे कोई भी वैध दस्तावेज नहीं दिखा सके।
इसके बाद पुलिस ने मौके से 12 लोगों को हिरासत में ले लिया, जबकि 3 अन्य लोग चकमा देकर फरार होने में सफल रहे। पुलिस ने सभी 12 आरोपियों का शांति भंग की धारा में चालान किया। शनिवार को मजिस्ट्रेट के सामने पेशी के बाद इन सभी को जमानत मिल गई है।
यूपी के बरेली में खाली पड़े मकान में लोग नमाज पढ़ रहे थे. गांव के लोगों ने पुलिस से शिकायत कर दी.
यूपी पुलिस ने नमाज पढ़ने वाले 12 लोगों को शांति भंग करने के लिए गिरफ्तार लिया. कोर्ट से इन्हें जमानत मिल गई. pic.twitter.com/UTUgt54io9
— Ranvijay Singh (@ranvijaylive) January 18, 2026
इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें लोग खाली मकान के भीतर नमाज अदा करते दिख रहे हैं। पुलिस ने इस वीडियो को साक्ष्य के तौर पर अपनी जांच में शामिल किया है। एसपी ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने प्रिवेंटिव एक्शन (निवारक कार्रवाई) ली है। उन्होंने साफ कहा कि जिले में किसी भी स्थान पर बिना प्रशासन की अनुमति के कोई नया धार्मिक आयोजन या नई परंपरा शुरू करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस फरार चल रहे तीन अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
Also Read: सीएम योगी ने किया हेल्थटेक कॉन्क्लेव 1.0 का आगाज, बोले- अब मेक इन इंडिया से मेक फॉर द वर्ल्ड की बारी

