Bareilly: पुलिस ने तीन शातिर चोरों को किया गिरफ्तार, ट्रैक्टर-ट्राली और नकदी बरामद

Sandesh Wahak Digital Desk: बरेली जिले के थाना शेरगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर चोरी के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किया गया ट्रैक्टर, ट्राली, हिंच, बम्फर, एक अवैध चाकू, दो मोबाइल फोन और 1,00,350/- रुपये नकद बरामद किए हैं।

थाना प्रभारी शेरगढ़ ने बताया कि 06 अप्रैल 2025 को आसिफ खाँ पुत्र शकील अहमद निवासी ग्राम मवई काजियान, थाना शेरगढ़ ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दयाल पेट्रोल पंप, कस्बा शेरगढ़ से उनका ट्रैक्टर (रजिस्ट्रेशन नंबर UP-25-CF-7459) मय लकड़ी लदी ट्राली के चोरी हो गया है। इस संबंध में थाना शेरगढ़ में अज्ञात चोरों के खिलाफ मु0अ0सं0 113/25 धारा 303 (3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।

मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई

अपराध नियंत्रण और अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत, थाना शेरगढ़ पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर आज दिनांक 21 अप्रैल 2025 को ग्राम ब्यौंधा के पास बंद पड़े भट्टे के पास से सुबह करीब 05:10 बजे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नरेश कुमार पुत्र झांजन लाल निवासी ग्राम हंसा, थाना भोजीपुरा, जनपद बरेली, जितेन्द्र कुमार पुत्र लालता प्रसाद मौर्य निवासी मो० वार्ड न0.11 ब्रहमनान कस्बा व थाना शेरगढ़, जनपद बरेली और दिलीप कुमार पुत्र झांजन लाल निवासी ग्राम हंसा, थाना भोजीपुरा, जनपद बरेली के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया ट्रैक्टर, ट्राली, हिंच, बम्फर, एक अवैध चाकू और कुल 1,00,350/- रुपये बरामद किए हैं। बरामदगी के आधार पर अभियोग में धारा 317(2)/3(5) बीएनएस व धारा 4/25 A.ACT की बढ़ोत्तरी की गई है।

दो वांछितों पर इनाम घोषित

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने 06 अप्रैल 2025 को दयाल पेट्रोल पंप के पास से लकड़ी लदी ट्रैक्टर-ट्राली चोरी की थी। उन्होंने ट्राली में लदी लकड़ी को ग्राम जादोपुर, थाना भोजीपुरा में मुस्तफा पुत्र हाजी मुस्ताक के लकड़ी के टाल पर बेच दिया था। इसके अतिरिक्त, उन्होंने ट्राली को बेचने के लिए ग्राम जादोपुर में स्थित जय हनुमान धर्मकांटा के मालिक मोहित अग्रवाल के ड्राइवर दिनेश से 1,20,000/- रुपये में सौदा किया था, जिसके एवज में दिनेश ने उन्हें 1,00,000/- रुपये बयाना दिया था। पुलिस ने इस मामले में मुस्तफा और दिनेश को वांछित घोषित किया है।

गिरफ्तार अभियुक्त जितेन्द्र कुमार का आपराधिक इतिहास भी है, जिसके खिलाफ थाना शेरगढ़ में जुआ अधिनियम के तहत एक और मामला दर्ज है। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्यवाही की है और वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

बरामदगी:

  • 01 ट्राली
  • 01 ट्रैक्टर का हिंच व बम्फर
  • 02 मोबाइल फोन
  • 1,00,350/- रुपये नकद (ट्राली बेचने हेतु बयाने के)
  • 01 चाकू

Also Read: JPNIC Scam: एलडीए के पूर्व वीसी समेत कई अधिकारियों पर DOPT की नजर, 800 करोड़ के घोटाले का है मामला

Get real time updates directly on you device, subscribe now.