बरेली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 60 लाख की ड्रग्स के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: बरेली पुलिस को मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक बड़ी सफलता मिली है। थाना बारादरी पुलिस ने ₹60 लाख की अंतर्राष्ट्रीय कीमत वाली ड्रग्स के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से 900 ग्राम अफीम, 200 ग्राम स्मैक, और 3.5 किलोग्राम पावर पाउडर बरामद किया है।
गुप्त सूचना पर हुई छापेमारी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बारादरी पुलिस ने नवरात्रि की पूर्व संध्या पर कड़ी निगरानी रखी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने पुराने रेलवे ग्राउंड में छापेमारी की। पुलिस को वहां कुछ तस्कर ड्रग्स की सप्लाई के लिए खड़े मिले। पुलिस की दबिश में साजिद और रेहान नाम के दो तस्कर पकड़े गए। हालांकि, अंधेरे का फायदा उठाकर उनके तीन साथी नन्हें, रोहित और आरिफ मौके से फरार हो गए। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से ₹94,000 नकद, एक मोटरसाइकिल, एक स्कूटी और 5 मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
आपराधिक इतिहास और पूछताछ का विवरण
पुलिस पूछताछ में पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी साजिद मूल रूप से शीशगढ़ का रहने वाला है और पहले टेलर का काम करता था। ससुराल आने-जाने के दौरान उसकी मुलाकात नन्हें से हुई, जो इस धंधे का मास्टरमाइंड है। नन्हें ने उसे इस काम में शामिल किया। साजिद ने बताया कि वे अफीम झारखंड से और स्मैक व पावर पाउडर मणिपुर से मंगाते थे।
वहीं, दूसरा आरोपी रेहान भी उत्तराखंड में दो बार एनडीपीएस एक्ट के तहत जेल जा चुका है। पूछताछ में यह भी पता चला कि फरार आरोपी नन्हें और रोहित बाप-बेटे हैं, जो इस पूरे नेटवर्क को चलाते हैं। तीसरा फरार आरोपी आरिफ इनका सबसे भरोसेमंद ड्रग्स पेडलर है, जो पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तराखंड जैसे राज्यों में सप्लाई करता है।
पुलिस ने दोनों गिरफ्तार आरोपियों को जेल भेज दिया है और फरार आरोपियों की तलाश में जुट गई है। पुलिस ने यह भी कहा है कि इन तस्करों की अवैध संपत्ति को भी जब्त किया जाएगा।
Also Read: छत्तीसगढ़ में सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई, 40-40 लाख के दो नक्सली ढेर

