बरेली में बुजुर्गों और मूकबधिर बच्चों के संग पुलिस ने मनाई होली, साथ बैठकर किया भोजन
आंवला, बरेली। होली के हुड़दंग और सुरक्षा ड्यूटी से फुरसत पाकर आज ‘पुलिस की होली’ के मौके पर बरेली के आंवला थाना परिसर में एक बेहद भावुक दृश्य देखने को मिला। प्रभारी निरीक्षक कुंवर बहादुर सिंह और उनकी टीम ने अपनी खुशियां उन लोगों के साथ बांटीं, जो समाज की मुख्यधारा से कहीं दूर आश्रमों में रहते हैं।
सम्मान के साथ बुलाए गए खास मेहमान
पुलिस ने इस उत्सव के लिए कस्बे के वृद्धाश्रम और मानसिक मंदित आश्रय गृह से बुजुर्गों और मूकबधिर बच्चों को पूरे सम्मान के साथ सरकारी वाहनों से थाने बुलाया। जैसे ही ये मेहमान थाने पहुंचे, पुलिसकर्मियों ने उन्हें तिलक लगाकर और गुलाल मलकर स्वागत किया। इस दौरान उप जिलाधिकारी (SDM) आंवला की मौजूदगी में सभी को फल, मिठाइयां और विशेष उपहार भेंट किए गए।

एक ही थाली में परोसा गया प्यार
इस आयोजन की सबसे खास बात यह रही कि पुलिस के आला अधिकारियों और जवानों ने इन बुजुर्गों और बच्चों के साथ जमीन पर बैठकर भोजन किया। पुलिसकर्मियों को अपने बीच पाकर और उनके साथ होली खेलकर बुजुर्गों की आंखें छलक आईं। मूकबधिर बच्चों के चेहरों पर भी मुस्कान देख पूरा माहौल खुशनुमा हो गया।
सुरक्षित घर वापसी
उत्सव खत्म होने के बाद, पुलिस ने उसी सम्मान के साथ सभी बुजुर्गों और बच्चों को पुलिस की गाड़ियों से वापस उनके आश्रम तक छुड़वाया। प्रभारी निरीक्षक कुंवर बहादुर सिंह ने कहा कि त्योहारों की असली खुशी तभी है जब हम समाज के उन लोगों को भी शामिल करें जिनके पास खुशियां बांटने के लिए कोई अपना नहीं है।
Also Read: UP News: BJP MLC को 1.5 घंटे तक रखा ‘डिजिटल अरेस्ट’, ATS अधिकारी बनकर की वीडियो कॉल

