Bareilly News: अशरफ के साले का करीबी लल्ला गद्दी अब माफिया घोषित, 24 घंटे रहेगी पुलिस की नजर
Bareilly News: माफिया अतीक अहमद के भाई अशरफ के साले सद्दाम के बेहद करीबी रहे मोहम्मद रजा उर्फ लल्ला गद्दी पर कानून का शिकंजा और कस गया है। बरेली पुलिस ने लल्ला गद्दी की लगातार बढ़ती आपराधिक गतिविधियों और समाज में उसके खौफ को देखते हुए उसे आधिकारिक तौर पर ‘माफिया’ घोषित कर दिया है।
पुलिस के मुताबिक, बारादरी के चक महमूद नगर (काकर टोला) का रहने वाला लल्ला गद्दी लंबे समय से आर्थिक लाभ के लिए लोगों को डराने-धमकाने, रंगदारी मांगने और मारपीट जैसी वारदातों को अंजाम दे रहा था। बिथरी चैनपुर पुलिस की रिपोर्ट के आधार पर उसे जिला स्तर पर माफिया नंबर म-15/2025 के रूप में दर्ज किया गया है।
एसएसपी अनुराग आर्य ने साफ कर दिया है कि माफिया घोषित होने के बाद अब न केवल उसकी हर गतिविधि पर 24 घंटे नजर रखी जाएगी, बल्कि उसकी अवैध रूप से कमाई गई संपत्ति और आर्थिक नेटवर्क को भी खंगाला जाएगा।
2009 से शुरू हुआ अपराध का काला सफर
लल्ला गद्दी का आपराधिक इतिहास काफी पुराना और संगीन है। पुलिस रिकॉर्ड के पन्ने उसकी करतूतों से भरे हुए हैं। साल 2009 में उस पर हत्या और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर मामले दर्ज हुए। इसके बाद उस पर अवैध हथियार रखने, घर में घुसकर मारपीट और रंगदारी के कई केस दर्ज किए गए। 2019 में उस पर छेड़छाड़ और बाल संरक्षण कानून (पॉक्सो) के तहत भी कार्रवाई हुई। साल 2023 में जेल अधिनियम और 2024 में उस पर गैंगस्टर एक्ट के तहत शिकंजा कसा गया।
अशरफ और सद्दाम से कनेक्शन
लल्ला गद्दी का नाम तब ज्यादा चर्चा में आया जब बरेली जेल में बंद रहे अशरफ और उसके साले सद्दाम के साथ उसके गहरे रिश्तों की बात सामने आई। वह सद्दाम के लिए काम करता था और जेल के भीतर-बाहर रसूख बनाए रखने में अहम भूमिका निभाता था।
Also Read: सूरत एयरपोर्ट पर बैंकॉक से आए कपल के बैग में मिला 17 करोड़ का हाइब्रिड गांजा

