Bareilly News: IG राकेश सिंह की विदाई पर भावुक हुआ पुलिस महकमा, अधिकारियों ने दी शुभकामनाएं
Sandesh Wahak Digital Desk: बरेली परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) राकेश सिंह के अधिवर्षता आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त होने के अवसर पर पुलिस लाइन, बरेली में एक विदाई समारोह का आयोजन किया गया।

इस समारोह में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
समारोह के दौरान अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) बरेली जोन श्री रमित शर्मा तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) जनपद बरेली श्री अनुराग आर्य ने श्री राकेश सिंह को पुष्पमाला, शाल व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया और उनके उत्कृष्ट सेवा कार्यों की सराहना की।

इस अवसर पर जिलाधिकारी बरेली, पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक दक्षिणी, पुलिस अधीक्षक उत्तरी सहित जनपद बरेली के समस्त क्षेत्राधिकारीगण, थाना प्रभारी और पुलिस बल के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एडीजी श्री रमित शर्मा ने कहा, “राकेश सिंह जी न केवल एक कुशल प्रशासक रहे हैं, बल्कि उन्होंने अपने कार्यकाल में पुलिस बल को एकजुट और प्रेरित करने का कार्य भी किया है। आप हमारे पुलिस परिवार का अभिन्न हिस्सा हैं और सेवानिवृत्ति के बाद भी यह रिश्ता कायम रहेगा।”

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री अनुराग आर्य ने अपने संबोधन में कहा, “आईजी महोदय ने अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ किया। बरेली परिक्षेत्र की कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।”

विदाई समारोह में श्री राकेश सिंह ने अपने भावुक शब्दों में सभी सहयोगियों और अधीनस्थों का आभार व्यक्त करते हुए कहा, “यह मेरे लिए गर्व का क्षण है कि मैंने आप सभी के साथ मिलकर जनता की सेवा करने का अवसर पाया। सेवानिवृत्ति के बाद भी मेरा प्रयास समाज सेवा से जुड़ा रहने का रहेगा।”

समारोह के अंत में श्री राकेश सिंह को पुलिस सम्मान के साथ सरकारी वाहन में विदा किया गया। इस दौरान उपस्थित अधिकारियों और कर्मियों ने उनके उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।

