बरेली पुलिस ने 462 गुमशुदा मोबाइल बरामद कर मालिकों को लौटाए, साइबर टीमें सम्मानित

Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में आम जनता के खोए और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान को मई महीने में एक और बड़ी कामयाबी मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बरेली के कुशल मार्गदर्शन में सर्विलांस सेल और साइबर थानों की संयुक्त टीम ने आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए कुल 462 मोबाइल फोन ट्रैक कर बरामद किए हैं। इन बरामद हैंडसेट्स की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 95 लाख रुपये आंकी गई है।

गुरुवार को रिजर्व पुलिस लाइन्स के रविन्द्रालय प्रेक्षागृह में आयोजित एक विशेष गरिमामयी कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक दक्षिणी द्वारा इन सभी मोबाइलों को उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किया गया। महीनों बाद अपने खोए हुए कीमती फोन दोबारा सुरक्षित पाकर नागरिकों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने बरेली पुलिस की कार्यप्रणाली की जमकर सराहना की।

15 थानों के पुलिसकर्मियों को नकद इनाम और प्रशस्ति पत्र

इस बड़ी रिकवरी को अंजाम देने में भारत सरकार के दूरसंचार विभाग द्वारा जारी CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल की मुख्य भूमिका रही। इस पोर्टल के माध्यम से चोरी या गुम हुए फोन के आईएमईआई नंबर को ब्लॉक कर दिया जाता है, जिससे अपराधियों द्वारा इसका दुरुपयोग रुक जाता है। जैसे ही कोई इस ब्लॉक हैंडसेट में नया सिम कार्ड डालता है, पुलिस के पास तुरंत ट्रैकिंग अलर्ट पहुंच जाता है।

अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 15 प्रमुख थानों (जिसमें प्रेमनगर, कैंट, किला, सीबीगंज, शाही, विशारतगंज, अलीगंज, फरीदपुर, फतेहगंज पूर्वी, भोजीपुरा, शीशगढ़, देवरनियाँ, शेरगढ़, नवाबगंज और हाफिजगंज शामिल हैं) के कंप्यूटर ऑपरेटरों और साइबर कर्मियों का मनोबल बढ़ाने के लिए एसएसपी द्वारा 1000-1000 रुपये का नकद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। आंकड़ों के मुताबिक, जनवरी 2025 से लेकर अब तक बरेली पुलिस कुल 10.5 करोड़ रुपये मूल्य के 5,259 मोबाइल फोन बरामद कर जनता को लौटा चुकी है।

बरेली पुलिस ने 462 गुमशुदा मोबाइल बरामद कर मालिकों को लौटाए, साइबर टीमें सम्मानित

बरामदगी में बहेड़ी थाना रहा सबसे आगे

मई महीने की इस विशेष रिकवरी ड्राइव में जिले के विभिन्न थानों का प्रदर्शन काफी सराहनीय रहा। कुल 462 मोबाइलों की बरामदगी की सूची में मुख्य थानों का प्रदर्शन इस प्रकार है।

बहेड़ी थाना: 47 मोबाइल (सर्वाधिक बरामदगी)

सुभाषनगर थाना: 37 मोबाइल

बारादरी थाना: 30 मोबाइल

कोतवाली: 26 मोबाइल

सीबीगंज व नवाबगंज: 22-22 मोबाइल

इज्जतनगर: 20 मोबाइल

प्रेमनगर, किला व भमौरा: 19-19 मोबाइल

कैंट, बिथरी चैनपुर व साइबर सेल: 15-15 मोबाइल

(इसके अलावा शीशगढ़, भुता, फरीदपुर, देवरनियाँ, हाफिजगंज, आंवला, भोजीपुरा और अन्य थानों से भी शेष मोबाइलों की रिकवरी की गई।)

रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया

Also Read: Bareilly News: स्मैक के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार, ट्रक ड्राइवरों को करते थे सप्लाई

Get real time updates directly on you device, subscribe now.