Bareilly: पुलिस की नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, अवैध चरस के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: बरेली जिले के थाना फतेहगंज पूर्वी की पुलिस ने मंगलवार को मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार कर एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इनके कब्जे से 2 किलो 33 ग्राम चरस, दो मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामद चरस की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब दो लाख रुपये आंकी जा रही है।

गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई

पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि दो युवक संदिग्ध हालत में ग्राम नखी सिंधवा पुलिया के पास चरस लेकर मौजूद हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और दोनों तस्करों को धर दबोचा।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान नरवीर यादव (23) और पूरन (29) के रूप में हुई है, जो कि शाहजहांपुर जिले के थाना गढ़िया रंगीन क्षेत्र के निवासी हैं। नरवीर यादव के पास से 1 किलो 19 ग्राम और पूरन के पास से 1 किलो 14 ग्राम चरस बरामद हुई।

पूछताछ में किया बड़ा खुलासा

पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने खुलासा किया कि वे यह चरस लखीमपुर बॉर्डर से लाते हैं, जहां वे अलग-अलग लोगों से यह नशीला पदार्थ खरीदते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि चरस को वे हाईवे पर ट्रक चालकों और यात्रियों को बेचते हैं, जिससे उन्हें अच्छा मुनाफा मिलता है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों ने बताया कि चरस की खरीद-फरोख्त में बरामद मोटरसाइकिल (हीरो स्प्लेंडर) का इस्तेमाल किया जाता था, जो नरवीर के नाम पर दर्ज है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 18/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। मामले में आगे की छानबीन जारी है, जिसमें यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि यह गिरोह और किन-किन इलाकों में सक्रिय है।

Also Read: महाकुंभ भगदड़ की नई रिपोर्ट पर मचा सियासी बवाल, अखिलेश यादव ने योगी सरकार से पूछे 8 सवाल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.