UP News: बरेली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, गौवंशीय वध की तैयारी नाकाम, शातिर अपराधी गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: बरेली जिले के थाना क्योलड़िया पुलिस ने गौवंशीय पशुओं के वध की फिराक में घूम रहे एक शातिर बदमाश को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है।
मुठभेड़ के दौरान बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, मोबाइल फोन और नकदी बरामद की गई है।
घटना का विवरण
पुलिस के अनुसार, 24/25 मई 2026 की रात थाना क्योलड़िया पुलिस टीम शांति व्यवस्था के मद्देनज़र गश्त पर थी।
इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि थाना हाफिजगंज और क्योलड़िया की सीमा पर कैलाश नदी के पुल के पास घने जंगल में कुछ बदमाश घुमंतू गौवंशीय पशुओं को पकड़कर उनका वध करने की योजना बना रहे हैं।
सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और एक संदिग्ध को पकड़ने का प्रयास किया।
खुद को घिरा देख बदमाश ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर भागने की कोशिश की।
पुलिस द्वारा की गई आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लगी और उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम इकराम उर्फ हड्डी पुत्र असलम, निवासी मोहल्ला हज्जियापुर, थाना बारादरी, बरेली बताया। आरोपी के कब्जे से
- 01 तमंचा
- 01 खोखा कारतूस
- 01 जिंदा कारतूस (.315 बोर)
- 01 मोबाइल फोन
- 570 रुपये नकद
बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, इकराम उर्फ हड्डी शातिर किस्म का अपराधी है, जिसके खिलाफ जनपद बरेली और शाहजहांपुर में करीब एक दर्जन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
मुठभेड़ के संबंध में थाना क्योलड़िया पर मु.अ.सं. 191/26 धारा 109(1) बीएनएस एवं 25/27 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। घटनास्थल से साक्ष्य संकलन का कार्य फील्ड यूनिट द्वारा किया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि गौवंशीय पशुओं से जुड़े अपराधों और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और ऐसे तत्वों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
Also Read: Bareilly News: बकरीद को लेकर पुलिस अलर्ट, SSP अनुराग आर्य ने जारी किए सख्त दिशा-निर्देश

