बरेली पुलिस की बड़ी कामयाबी: इनामी बदमाश गिरफ्तार, साथी की तलाश जारी
Sandesh Wahak Digital Desk: बरेली जिले के भोजीपुरा थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में गोकशी के मामले में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी अपराधी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान लईक उर्फ कालिया पुत्र रशीद खां निवासी ग्राम अलीनगर, थाना भोजीपुरा, जनपद बरेली के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 5:55 बजे ग्राम फरीदापुर जागीर के जंगल में बदमाशों से मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ के दौरान लईक के दाहिने पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।
मौके से पुलिस ने एक देसी तमंचा 315 बोर, एक खोखा, चार जिंदा कारतूस, गौकशी में प्रयुक्त उपकरण (छुरी, दांव, रस्सी) और बिना नंबर की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की है।
घटना के दौरान दूसरा अभियुक्त सलीम उर्फ कालिया पुत्र बड़े लल्ला, निवासी ग्राम भूड़ा, थाना भोजीपुरा, मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
मुठभेड़ में उपनिरीक्षक संजय सिंह और कांस्टेबल विकास कुमार भी घायल हुए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए सीएचसी भोजीपुरा भेजा गया है।
गिरफ्तार अभियुक्त लईक उर्फ कालिया के खिलाफ पहले से ही करीब 8 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें 7 गोकशी से संबंधित और 1 गैंगस्टर एक्ट के तहत दर्ज है।
वह थाना भोजीपुरा में पंजीकृत मुकदमा संख्या 842/24 व 32/25, धारा 3/5/8 सीएस एक्ट में वांछित था, जिस पर पुलिस अधीक्षक बरेली द्वारा ₹25,000 का इनाम घोषित किया गया था।
आपको बता दें कि पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ विधिक कार्यवाही करते हुए उसे गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
Also Read: अवैध संबंध और हत्या की साजिश! बिजनौर में मेरठ के सौरभ जैसा हत्याकांड

