बरेली पुलिस की अनूठी पहल: 100 से अधिक टूटते परिवारों में लौटी खुशियां, महिला आयोग ने सराहा

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश सरकार के ‘मिशन शक्ति फेज-5’ के तहत बरेली जिले के आंवला थाना परिसर में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम परिवार परामर्श केंद्र (PPC) द्वारा 100 से अधिक टूटते परिवारों को सफलतापूर्वक जोड़ने और सुलह कराने के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य पुष्पा पांडे मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुईं।

100 से अधिक जोड़ों का हुआ सफल पुनर्मिलन

बता दें कि 12 मार्च 2025 को एसएसपी बरेली अनुराग आर्य और एसपी दक्षिणी अंशिका वर्मा द्वारा इस केंद्र की स्थापना की गई थी। स्थापना के बाद से अब तक 150 से अधिक मामले पंजीकृत हुए, जिनमें से टीम ने अपनी सूझबूझ से 100 से अधिक मामलों में पति-पत्नी के बीच चल रहे वर्षों पुराने मुकदमों और विवादों को खत्म कराकर उनका पुनर्मिलन कराया।

मुख्य अतिथि ने की सराहना

राज्य महिला आयोग की सदस्य पुष्पा पांडे ने टीम के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि परिवारों को जोड़ना समाज में एक सकारात्मक संदेश देता है। कार्यक्रम के दौरान एक डॉक्यूमेंट्री भी दिखाई गई, जिसमें उन परिवारों ने अपनी आपबीती साझा की जो अब परामर्श केंद्र की मदद से फिर से खुशहाल जीवन जी रहे हैं।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

समारोह में भारत की इंटर कॉलेज की छात्राओं ने शिव तांडव और अदिति तिवारी ने ताइक्वांडो की शानदार प्रस्तुति दी। इस अवसर पर परामर्श केंद्र की टीम के अध्यक्ष जय गोविंद सिंह, एडवोकेट रमाकांत तिवारी और अन्य सदस्यों को उनके सराहनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

प्रमुख हस्तियों की उपस्थिति

कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी (CO) नितिन कुमार सारंग, कोतवाल कुंवर बहादुर सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष संजीव सक्सेना, ब्लॉक प्रमुख आरती यादव और क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि महिलाओं के विरुद्ध अपराध रोकने और पारिवारिक स्थिरता बनाए रखने के लिए यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।

Also Read: कुशीनगर: सम्पूर्ण समाधान दिवस का नया रोस्टर जारी, जनवरी से जून 2026 तक की तहसीलवार रूपरेखा तैयार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.