Bareilly News: लव जिहाद का आरोप लगाकर बर्थडे पार्टी में घुसे बजरंग दल कार्यकर्ता, छात्रों के साथ की मारपीट

Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली में शनिवार को एक रेस्टोरेंट उस वक्त अखाड़ा बन गया, जब वहां चल रही एक छात्र की जन्मदिन की पार्टी में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने धावा बोल दिया। कार्यकर्ताओं ने पार्टी में मौजूद दूसरे समुदाय के युवकों पर लव जिहाद का आरोप लगाया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार, बदायूं की रहने वाली एक छात्रा बरेली के प्रेमनगर में रहकर बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई कर रही है। शनिवार को उसका जन्मदिन था, जिसकी खुशी में वह अपने दोस्तों के साथ द डेन कैफे एंड रेस्ट्रो में पार्टी करने गई थी। इस ग्रुप में कुल 10 लोग शामिल थे, जिनमें दो युवक शान और वाकिफ दूसरे समुदाय के थे।

पार्टी के दौरान ही बजरंग दल के कार्यकर्ता वहां पहुंच गए और दूसरे समुदाय के युवकों की मौजूदगी पर आपत्ति जताते हुए हंगामा करने लगे। बात इतनी बढ़ गई कि कार्यकर्ताओं ने शान और वाकिफ के साथ हाथापाई शुरू कर दी।

हंगामे की सूचना मिलने पर प्रेमनगर पुलिस मौके पर पहुंची और छात्र-छात्राओं को थाने ले आई। छात्रा की बुआ ने थाने पहुंचकर किसी भी कानूनी कार्रवाई से इनकार कर दिया, लेकिन बजरंग दल के कार्यकर्ता आरोपियों पर सख्त एक्शन की मांग पर अड़े रहे।

शुरुआत में पुलिस मामले को रफा-दफा करने की कोशिश कर रही थी, लेकिन जब इसकी जानकारी सीओ प्रथम आशुतोष शिवम को हुई, तो उन्होंने लापरवाही बरतने पर इंस्पेक्टर को जमकर फटकार लगाई। इसके बाद पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए दोनों युवकों (शान व वाकिफ) और रेस्टोरेंट के कर्मचारी शैलेंद्र गंगवार का शांतिभंग की धाराओं में चालान कर दिया।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

रेस्टोरेंट के अंदर हुई इस मारपीट और हंगामे के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिसमें साफ तौर पर देखा जा सकता है कि किस तरह पार्टी के बीच में घुसकर तोड़फोड़ और मारपीट की गई। पुलिस अब वीडियो के आधार पर मामले की और गहराई से जांच कर रही है।

Also Read: सीएम योगी ने लॉन्च किया यक्ष ऐप, अब क्राइम GPT से अपराधियों की कुंडली खंगालेगी पुलिस

Get real time updates directly on you device, subscribe now.