बरेली बवाल: डॉ. नफीस और उसका बेटा भेजा गया जेल, मौलाना तौकीर रजा के बताए जा रहे करीबी
Sandesh Wahak Digital Desk: बरेली में जुमे की नमाज के बाद भड़के बवाल के मामले में पुलिस की कार्रवाई लगातार तेज हो रही है। पुलिस ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए, मौलाना तौकीर रजा के करीबी डॉक्टर नफीस और उनके बेटे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इसके साथ ही, बवाल में शामिल दो और उपद्रवियों को हाफ एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार किया गया है।
नफीस पर दंगा भड़काने का आरोप
पुलिस सूत्रों के अनुसार, डॉ. नफीस को शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद हुए बवाल का मुख्य साजिशकर्ता माना जा रहा है। जांच में सामने आया है कि डॉ. नफीस का मौलाना तौकीर रजा से सीधा संबंध है। पुलिस ने बताया कि जांच में यह खुलासा हुआ है कि बवाल के दौरान सोशल मीडिया और व्हाट्सएप ग्रुप्स के जरिए लोगों को उकसाने का काम किया गया था, जिसमें नफीस और उनका बेटा सक्रिय रूप से शामिल पाए गए। इसी आधार पर दोनों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जिसके बाद उन्हें जेल भेज दिया गया है।
अब तक 81 उपद्रवी जेल भेजे गए
एसपी सिटी मानुष पारीख ने बताया कि बरेली में कानून से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने जानकारी दी कि पुलिस ने अब तक मौलाना तौकीर रजा, नदीम, डॉक्टर नफीस, उनके बेटे सहित और एनकाउंटर में पकड़े गए अपराधियों को मिलाकर कुल 81 उपद्रवियों को जेल भेज दिया है।
एसपी सिटी ने यह भी बताया कि बवाल के पीछे कई स्थानीय नेताओं और संगठनों की भूमिका सामने आ रही है। पुलिस लगातार वीडियो फुटेज, वायरल पोस्ट और चश्मदीद गवाहों के बयानों की गहनता से जांच कर रही है और जल्द ही और गिरफ्तारियां हो सकती हैं। पुलिस ने यह आश्वासन दिया है कि केवल आरोपियों को ही पकड़ा जाएगा और किसी भी बेकसूर को परेशान नहीं किया जाएगा। गौरतलब है कि जुमे की नमाज के बाद हुए बवाल के चलते अगले तीन दिनों के लिए बरेली जिले में इंटरनेट सेवाएं पूरी तरह से बंद कर दी गई थीं, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई और तेज कर दी है।
Also Read: Lucknow News: सहारा शहर सील करने पहुंचे नगर निगम के अधिकारी, लेकिन इस वजह से होना पड़ा वापस

