बरेली बवाल: मौलाना तौकीर रजा गिरफ्तार, भेजे गए जेल, 10 मुकदमे दर्ज, इंटरनेट बंद
Sandesh Wahak Digital Desk: बरेली शहर में शुक्रवार को जुमा की नमाज के बाद हुए हिंसक बवाल के मामले में पुलिस ने त्वरित और कड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खां समेत आठ मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। साथ ही, अफवाहों और अराजकता को रोकने के लिए पूरे जिले में 48 घंटे के लिए इंटरनेट सेवा बंद करने का आदेश जारी किया गया है।
मौलाना तौकीर पर बलवा कराने का आरोप
पुलिस ने हिंसा के संबंध में अलग-अलग थानों में कुल 10 एफआईआर दर्ज की हैं। कोतवाली में दर्ज बलवा के एक मुकदमे में मौलाना तौकीर रजा खां को मुख्य आरोपी बनाया गया है। पुलिस का आरोप है कि मौलाना ने ही भीड़ को गुमराह कर बवाल कराया। शनिवार सुबह पुलिस ने मौलाना समेत आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहाँ से उन्हें जेल भेज दिया गया है। अन्य मुकदमों में मौलाना के समर्थक नामजद किए जा रहे हैं।
एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि कोतवाली में पांच, बारादरी में दो, तथा किला, प्रेमनगर और कैंट में एक-एक एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने 39 अन्य लोगों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
हिंसा का घटनाक्रम और इंटरनेट पर रोक
मौलाना तौकीर रजा खां के ‘आई लव मोहम्मद’ के समर्थन में बुलावे पर शुक्रवार को शहर में भीड़ जुटी थी। मौलाना के कार्यक्रम स्थल पर नहीं पहुँचने के कारण भीड़ अराजक हो गई।
बवालियों ने खलील स्कूल तिराहे के पास दुकानों और वाहनों में जमकर तोड़फोड़ की। नावल्टी चौराहा पर पुलिस टीम पर पथराव किया गया और श्यामगंज में फायरिंग भी हुई। करीब तीन घंटे तक शहर में तनाव बना रहा। पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागकर और लाठीचार्ज कर भीड़ को खदेड़ा, जिसके बाद शाम 5 बजे हालात काबू में आए।
बवाल के बाद, शासन के निर्देश पर जिले में 48 घंटे के लिए इंटरनेट सेवाएं बंद करने का आदेश जारी किया गया है, ताकि सोशल मीडिया के जरिए अफवाहें और भ्रामक जानकारी न फैल सके।
गिरफ्तारी से पहले मौलाना का बयान
गिरफ्तारी से पहले शुक्रवार देर रात मौलाना तौकीर रजा खां ने एक वीडियो जारी कर खुद को ‘हाउस अरेस्ट’ किए जाने का दावा किया। उन्होंने कहा कि अगर उन्हें जाना होता तो वह नमाज पढ़ते, ज्ञापन देते और लोगों को घर भेज देते। मौलाना ने अपने समर्थकों को मुबारकबाद देते हुए घटना को ‘साजिश’ करार दिया और मांग की कि मोहम्मद साहब के नाम के अपमान को रोकने के लिए सख्त कानून बनाया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि “अतीक और अशरफ की तरह मुझे गोली मार दो, मोहम्मद के नाम पर मरना कबूल है।”
Also Read: MP News: कांग्रेस नेता पर कोर्ट ने लगाया 1 अरब 24 करोड़ का जुर्माना, जानिए पूरा मामला

