बरेली बवाल: आईएमसी जिलाध्यक्ष समेत 15 और आरोपी भेजे गए जेल, मुठभेड़ में एक घायल

Sandesh Wahak Digital Desk: बरेली में हाल ही में हुए बवाल (हिंसा) के मामले में पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। मंगलवार को पुलिस ने आईएमसी (इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल) के जिलाध्यक्ष सहित 15 और आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इसी क्रम में पुलिस ने एक शातिर आरोपी को मुठभेड़ में घायल अवस्था में गिरफ्तार करने में भी सफलता हासिल की है।

आईएमसी जिलाध्यक्ष साजिश में शामिल

एसपी सिटी मानुष पारीक ने प्रेस वार्ता में बताया कि कोतवाली क्षेत्र से 14 और बारादरी क्षेत्र से 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें एक नाबालिग आरोपी भी शामिल है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बारादरी क्षेत्र से गिरफ्तार आरोपी की पहचान शमशाद आलम के रूप में हुई है, जो आईएमसी का जिलाध्यक्ष है। एसपी सिटी के अनुसार, शमशाद आलम मौलाना तौकीर रजा, नदीम और डॉ. नफीस के साथ हिंसा की साजिश रचने में शामिल रहा। वह व्हाट्सएप ग्रुप और सोशल मीडिया पर भी सक्रिय था। इस बवाल के संबंध में दर्ज 10 मुकदमों में अब तक 72 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

पुलिस मुठभेड़ में आरोपी ताजिम घायल

हिंसा के एक आरोपी ताजिम को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र में राधा माधव स्कूल के पास मंगलवार को हुई इस मुठभेड़ में आरोपी ताजिम के पैर में गोली लगी। पुलिस के मुताबिक, ताजिम 26 सितंबर को बवाल के दौरान भीड़ में मौजूद था और उसने पुलिस टीम पर फ़ायर किया था।

मुखबिर की सूचना पर बारादरी पुलिस ने बिना नंबर की बाइक पर सवार ताजिम को हारुन नगला पुल के पास घेरने की कोशिश की। पुलिस को देखकर वह बाइक छोड़कर भागा और पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी फायरिंग में उसे पैर में गोली लगी, जिससे वह पकड़ा गया। आरोपी के पास से एक तमंचा और दो कारतूस बरामद हुए हैं। घायल ताजिम को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है।

Also Read: ‘बिहार चुनाव जनता लड़ रही, बीजेपी नहीं’, रामगोपाल यादव ने राहुल गांधी का किया बचाव

Get real time updates directly on you device, subscribe now.