बरेली: देवरनियां में डबल मर्डर का आरोपित सोमपाल गिरफ्तार, ज़मीन विवाद बना हत्या की वजह
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले की देवरनियां पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए, दोहरे हत्या के मामले में वांछित चल रहे अभियुक्त सोमपाल को गिरफ़्तार कर लिया है। सोमपाल पर अपनी मां की मौत के बाद उपजे विवाद में अपने छोटे मामा (मोतीराम) की हंसिया से वार कर हत्या करने का आरोप है।
मिली जानकारी के अनुसार अभियुक्त सोमपाल ने शराब के नशे में अपनी मोटरसाइकिल में आग लगा दी थी। आग बुझाने के प्रयास में उसकी मां सुशीला देवी झुलस गईं और इलाज के दौरान 1 नवंबर 2025 को उनकी मौत हो गई। मां सुशीला देवी की मृत्यु के बाद, उनके भाई (सोमपाल के मामा) मोतीराम ने सोमपाल को मां की मौत का ज़िम्मेदार ठहराया और रास्ते में उससे गाली-गलौच करते हुए डंडे से हमला कर दिया। गुस्से में सोमपाल ने अपने पास मौजूद धारदार हँसिया से मामा मोतीराम पर कई वार कर दिए, जिससे उनकी मौक़े पर ही मौत हो गई।
गिरफ्तारी और बरामदगी
थाना देवरनियां पुलिस टीम को सूचना मिली कि अभियुक्त सोमपाल कहीं भागने की फ़िराक़ में देवरनियां रेलवे स्टेशन पर बैठा है। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए रात 00:25 बजे (2 नवंबर, 2025) उसे गिरफ़्तार कर लिया।
पूछताछ के बाद अभियुक्त की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथियार, एक धारदार लोहे की हंसिया (आला-ए-कत्ल) बरामद कर ली गई है। अभियुक्त सोमपाल को मुक़दमा संख्या 491/25, धारा 103(1)/238 बीएनएस के तहत गिरफ़्तार कर मा. न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
अभियुक्त का कबूलनामा
पूछताछ में सोमपाल ने बताया कि उसका अपने छोटे मामा मोतीराम से शराब के नशे में विवाद हुआ था। मां की मृत्यु का ज़िम्मेदार ठहराए जाने और डंडे से हमला किए जाने पर उसने ग़ुस्से में आकर हंसिया से वार कर दिया था। उसने यह भी बताया कि उसका परिवार पीलीभीत से आकर देवरनियाँ में किराए पर रह रहा था और हाल ही में उसकी मां ने यहां ज़मीन ख़रीदी थी, जिस पर वे मकान बनाना चाह रहे थे।

