बरेली को जल्द मिलेगी हाई-टेक फॉरेंसिक लैब, डीएम ने किया निरीक्षण, जल्द हैंडओवर करने के दिए निर्देश

Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में आपराधिक मामलों के वैज्ञानिक और त्वरित खुलासे के लिए बनाई गई अत्याधुनिक नवीन विधि विज्ञान प्रयोगशाला (फॉरेंसिक साइंस लैब) जल्द ही पूरी तरह काम करना शुरू कर देगी। गुरुवार को जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने रामपुर रोड क्रॉसिंग के समीप स्थित ग्राम खलीलपुर में राजकीय निर्माण निगम द्वारा नवनिर्मित इस भव्य प्रयोगशाला भवन का औचक दौरा किया और वहां की प्रशासनिक व तकनीकी व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया।

बरेली को जल्द मिलेगी हाई-टेक फॉरेंसिक लैब, डीएम ने किया निरीक्षण, जल्द हैंडओवर करने के दिए निर्देश

सुरक्षा मानकों और आधुनिक प्रयोगशाला कक्षों का गहन अवलोकन

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने नए परिसर की निर्माण गुणवत्ता, ढांचागत व्यवस्थाओं, सुरक्षा मानकों और विभिन्न विंग्स के लिए तैयार किए गए विशेष प्रयोगशाला कक्षों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण एजेंसी के अधिकारियों से भवन निर्माण में लगे समय और वहां उपलब्ध कराई गई आधुनिक तकनीकी सुविधाओं के बारे में बिंदुवार रिपोर्ट ली। डीएम ने कहा कि इस प्रयोगशाला के शुरू होने से जघन्य और जटिल अपराधों की वैज्ञानिक जांच प्रणाली बेहद सशक्त, पारदर्शी और समयबद्ध होगी, जिससे पुलिस को मामलों के शीघ्र खुलासे और दोषियों को सजा दिलाने में बड़ी मदद मिलेगी।

हैंडओवर की प्रक्रिया में हो रही देरी की समीक्षा करने पर संबंधित अधिकारियों ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि प्रयोगशाला को विभाग को सौंपने के लिए निदेशालय को अनुमति पत्र भेजा जा चुका है। वहां से हरी झंडी मिलते ही एक विशेष समिति का गठन कर हैंडओवर की आवश्यक विधिक कार्यवाही तत्काल पूरी कर ली जाएगी। इसके साथ ही, जिलाधिकारी ने भवन में बिजली और जलापूर्ति, अग्निशमन सुरक्षा, और संवेदनशील दस्तावेजी अभिलेखों के सुरक्षित संरक्षण के इंतजामों को भी परखा। उन्होंने कड़े निर्देश दिए कि लैब के औपचारिक संचालन से पहले सभी तकनीकी उपकरणों और बुनियादी व्यवस्थाओं का मॉक-ड्रिल सुनिश्चित किया जाए और किसी भी तरह की कमी को तुरंत दूर कर जल्द से जल्द काम शुरू किया जाए।

रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया

Also Read: योगी सरकार का बड़ा फैसला, नीम करोली बाबा और बुंदेलखंड फोर्ट सर्किट का होगा विकास, नए रोजगार पर जोर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.