Bareilly News: ट्रक चोरी गैंग का पर्दाफाश, पुलिस मुठभेड़ में 3 बदमाश गिरफ्तार एक के पैर में लगी गोली
Sandesh Wahak Digital Desk: बरेली जिले के थाना बारादरी पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। दरअसल, बीती रात हुई मुठभेड़ में पुलिस ने तीन शातिर ट्रक चोरों को गिरफ्तार किया है।
इस दौरान एक अभियुक्त को गोली लगने से घायल अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि दो अन्य आरोपियों को मौके से दबोच लिया गया।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग चोरी का एक ट्रक बेचने की फिराक में भरतौल रोड के पास मौजूद हैं। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए प्रभारी निरीक्षक धनन्जय कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की।
खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी आत्मरक्षा में गोली चलाई। इस दौरान एक अभियुक्त रहीम उर्फ बाबू उर्फ बट्टा पुत्र राफेदीन को गोली लग गई।
घायल अभियुक्त को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। वहीं, दो अन्य अभियुक्त- सहजान पुत्र साहिद और साकिब पुत्र इदरीश, दोनों निवासी भवानीपुर खल्ली थाना सहसवान जनपद बदायूं- को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
अभियुक्तों के कब्जे से एक 315 बोर का तमंचा, एक जिन्दा कारतूस, एक फंसा हुआ खोखा कारतूस, चोरी किया गया कैंटर ट्रक (नंबर DL1GE0610) और चाबियों का एक गुच्छा बरामद हुआ है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे विभिन्न प्रकार की चाबियों का इस्तेमाल कर सड़क किनारे खड़े ट्रकों को निशाना बनाते हैं। बरामद किया गया ट्रक दिल्ली से चोरी किया गया था और वे इसे बेचने के इरादे से बरेली लाए थे।
फिलहाल, पुलिस इस गिरोह के अन्य सदस्यों और इनकी आपराधिक पृष्ठभूमि की जांच कर रही है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ थाना बारादरी में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
आपको बता दें कि थाना बारादरी पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय ट्रक चोर गैंग के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।
बरामदगी का ब्यौरा
-एक तमंचा 315 बोर
-एक जिन्दा व एक खोखा कारतूस
-एक चोरी किया गया कैंटर ट्रक (DL1GE0610)
-चाबियों का गुच्छा
पुलिस टीम में शामिल अधिकारी
-धनन्जय कुमार पाण्डेय, प्रभारी निरीक्षक
-उ0नि0 जगत सिंह
-उ0नि0 कुशलपाल सिंह
-उ0नि0 सनी चौधरी
-हे0कां0 आशीष कुमार
-कां0 सिद्धान्त चौधरी
-कां0 अवनीश कुमार
-कां0 मनोज कुमार
Also Read: Lucknow: पुलिस ने किया चैन स्नैचिंग गैंग का खुलासा, शातिर बदमाश गिरफ्तार

