बरेली: फरीदपुर टोल प्लाजा पर भाजपा विधायक की गाड़ी रोकने पर बवाल, महिला कर्मी बर्खास्त

Sandesh Wahak Digital Desk: बरेली जिले के फरीदपुर से भाजपा विधायक प्रोफेसर श्याम बिहारी लाल की गाड़ी को टोल प्लाजा पर एक महिला कर्मी द्वारा रोके जाने के बाद विवाद खड़ा हो गया। विधायक की नाराजगी और पुलिस बुलाए जाने के बाद टोल प्रबंधन ने माफी मांगी और तत्काल प्रभाव से महिला कर्मी को नौकरी से हटा दिया।

विधायक प्रोफेसर श्याम बिहारी लाल अपनी विधानसभा का पास लगी हुई कार से फरीदपुर आ रहे थे। टोल बूथ पर बैठी महिला कर्मी ने विधायक की गाड़ी को निकालने के लिए आनाकानी की और परिचय देने के बावजूद टोल बूथ खोलने में देरी की।

इस पर विधायक नाराज हो गए। उन्होंने अपनी गाड़ी वापस कराकर टोल ऑफिस के बाहर खड़े होकर पुलिस को बुला लिया। पुलिस के आने के बाद टोल मैनेजर सहित अन्य कर्मियों ने विधायक से गलती मानते हुए माफी मांगी। टोल मैनेजर पवन ने बताया कि टोल बूथ पर तैनात लड़की ने गाड़ी निकालने में काफी देर कर दी थी, जिसके चलते उसे टोल से हटा दिया गया (नौकरी से निकाल दिया गया) है।

टोल क्षेत्र में अवैध कब्जों पर विधायक की शिकायत

विधायक प्रोफेसर श्याम बिहारी लाल ने इस घटना के बाद टोल प्रबंधन और क्षेत्र की अव्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि वह इस संबंध में शासन में शिकायत करेंगे। विधायक ने आरोप लगाया कि टोल क्षेत्र की सड़क पर टोलकर्मियों की मिलीभगत से दुकानदारों ने अवैध रूप से दुकानें लगा रखी हैं। दुकानदार सड़क पर ही कुर्सी डालकर ग्राहकों को बैठाते हैं, जिससे आए दिन लोग चोटिल होते रहते हैं।

उन्होंने टोल क्षेत्र में हुई पिछली गंभीर घटनाओं का भी जिक्र किया। करीब छह माह पूर्व एक व्यक्ति को गोली मारी गई और वह घायल हो गया। एक अन्य घटना में टेंपो वाले को दुकान पर बैठे लोगों ने बेरहमी से पीटा। करीब एक वर्ष पूर्व यहां चल रही चाय की दुकान में एक राहगीर महिला के साथ दुष्कर्म की घटना हुई थी। टोल मैनेजर पवन ने बताया कि अवैध तरीके से लगाए गए दुकान संचालकों को भी नोटिस जारी किया गया है।

Also Read: यूपी ग्राम सचिवों का 10 सूत्रीय विरोध, ‘ऑनलाइन उपस्थिति’ का विरोध, सरकार को सौंपा ज्ञापन

Get real time updates directly on you device, subscribe now.