Bareilly: कागजों की ‘जंग’ में फंसे ग्रामीण, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने के लिए भटकने को हैं मजबूर
मझगवां (बरेली)। ब्लॉक मझगवां के रहटुइया, पैगा और अलीगंज समेत कई गांवों के ग्रामीण इन दिनों सरकारी सिस्टम की लापरवाही का शिकार हो रहे हैं। जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र जैसे जरूरी कागजात बनवाने के लिए ग्रामीणों को अधिकारियों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, लेकिन काम होने के बजाय उन्हें सिर्फ तारीखें मिल रही हैं।
ब्लॉक प्रमुख ने स्वीकार की लापरवाही
इस मामले पर ब्लॉक प्रमुख यशवंत सिंह ने खुद अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। “संदेशवाहक” से बातचीत के दौरान उन्होंने तस्दीक की कि जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा काम को टालने (टरकाने) की वजह से ग्रामीणों का कीमती समय और पैसा दोनों बर्बाद हो रहे हैं।
अधिकारियों को दो टूक चेतावनी
अधिकारियों के रवैये से तंग आकर पीड़ित ग्रामीणों ने ब्लॉक प्रमुख से गुहार लगाई, जिसके बाद उन्होंने कड़ा रुख अपनाया है। ब्लॉक प्रमुख ने लापरवाह अधिकारियों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि दूर-दराज के गांवों से आने वाले लोगों को परेशान न किया जाए। उन्होंने साफ किया कि जनता की समस्याओं का निपटारा समय रहते होना चाहिए ताकि उन्हें बार-बार ब्लॉक न दौड़ना पड़े।
ग्रामीणों की मांग
ग्रामीणों का कहना है कि एक छोटे से प्रमाण पत्र के लिए हफ्तों का इंतजार और बार-बार का चक्कर उनके दैनिक रोजगार को भी प्रभावित कर रहा है। अब देखना यह होगा कि ब्लॉक प्रमुख की चेतावनी के बाद सरकारी दफ्तरों की कार्यशैली में कितना बदलाव आता है।
रिपोर्ट : रंजीत बिसारिया
Also Read: ‘जब सब कुछ विदेश से ही आएगा, तो देश का किसान क्या उगाएगा?’ अखिलेश यादव का केंद्र पर वार

