बरेली में पत्नी के सिर पर ईंट मारकर हत्या, बेटी लेकर भागा पति, दो बेटे भी लापता
Bareilly News: बरेली के जोगीनवादा में गुरुवार को पारिवारिक विवाद के बाद एक महिला की हत्या कर दी गई। आरोप है कि पति सतीश राठौर ने पत्नी सरोज के सिर पर ईंट मार दी। गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी अपनी तीन साल की बेटी को लेकर फरार हो गया।
पुलिस के मुताबिक जोगीनवादा की हनुमान मूर्ति वाली गली निवासी 39 वर्षीय सरोज की शादी सतीश राठौर से हुई थी। दोनों के बीच अक्सर पारिवारिक विवाद होता था। सरोज दो-तीन दिन पहले ही मायके से वापस आई थी। गुरुवार को एक बार फिर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। इसी दौरान सतीश ने उसके सिर पर ईंट से वार कर दिया।
बेटी लेकर फरार हुआ पति, दो बेटे भी नहीं मिले
हत्या के बाद सतीश तीन वर्षीय बेटी वंदना को लेकर घर से निकल गया। वहीं सरोज के दो बेटे 13 वर्षीय लखन और 15 वर्षीय राजेश भी घर पर नहीं मिले। पुलिस को आशंका है कि आरोपी दोनों बेटों को भी अपने साथ ले गया है। पुलिस बच्चों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही बारादरी पुलिस के साथ पुलिस अधिकारी और फील्ड यूनिट मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। मायके वालों की मौजूदगी में सरोज के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मीरगंज में सिलबट्टे से महिला की हत्या, चिता से निकाला शव
बरेली के मीरगंज के गहवरा गांव में एक दिन पहले महिला की हत्या का दूसरा मामला सामने आया। लखीमपुर खीरी के पलिया निवासी अंजू की शादी करीब छह साल पहले गहवरा गांव के जयदेव से हुई थी। अंजू अपने पिता के साथ उत्तराखंड के रुद्रपुर में रहकर नौकरी करती थी। मंगलवार शाम ही वह अपनी ससुराल पहुंची थी।
रात में किसी बात को लेकर अंजू का पति से विवाद हुआ। आरोप है कि जयदेव ने उसके सिर पर सिलबट्टे से वार किया। घायल होने के बाद उसका गला दबाकर हत्या कर दी गई। इसके बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए परिजन और कुछ लोग उसे रामगंगा किनारे ले गए। वहां लकड़ियों और उपलों से चिता बनाकर अंतिम संस्कार शुरू कर दिया गया।
इसी दौरान किसी व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दे दी। डायल 112 और थाना प्रभारी रवि कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को वहां चिता जलती मिली। पुलिसकर्मियों ने पानी डालकर आग बुझाई और शव को चिता से बाहर निकलवाया। पुलिस के पहुंचने से पहले ही वहां मौजूद लोग भाग गए। महिला का चेहरा और बाल कुछ हिस्से में झुलस गए थे।
छत पर छिपा मिला खून लगा सिलबट्टा
मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ अजय कुमार भी मौके पर पहुंचे। फील्ड यूनिट ने रात में ही अंजू के घर की जांच की। पुलिस को मकान की छत पर छिपाकर रखा गया सिलबट्टा मिला, जिस पर खून के निशान थे।
जांच के दौरान महिला के सिर, गले और हाथ पर चोट के निशान भी मिले। पुलिस के मुताबिक शुरुआती साक्ष्यों से सिर पर सिलबट्टे से हमला करने और उसके बाद गला दबाने की बात सामने आ रही है। पुलिस ने सिलबट्टे समेत अन्य साक्ष्य कब्जे में लेकर जांच के लिए भेज दिए हैं।
Also Read: कानपुर देहात मेडिकल कॉलेज में पूर्व सांसद से धक्कामुक्की, गार्ड 10 दिन के लिए सस्पेंड

