बरखा सिंह का खुलासा: ईमेल में लिखा था, कॉम्प्रोमाइज जरूरी है, कास्टिंग काउच पर बोलीं एक्ट्रेस
Sandesh Wahak Digital Desk: पंकज त्रिपाठी के साथ वेब सीरीज़ ‘क्रिमिनल जस्टिस 4’ में नज़र आ रहीं एक्ट्रेस बरखा सिंह ने हाल ही में ऐसा खुलासा किया है, जिसने फिल्म इंडस्ट्री की चमक-धमक के पीछे छिपे काले सच को एक बार फिर उजागर कर दिया है। बरखा ने बताया कि भले ही उन्होंने कभी प्रत्यक्ष रूप से कास्टिंग काउच का सामना नहीं किया, लेकिन एक बार मिला एक ईमेल उन्हें अंदर तक हिला गया।
कॉम्प्रोमाइज जरूरी है , एक ईमेल ने खोल दी आंखें
बरखा ने एक इंटरव्यू में बताया कि साउथ फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े एक शख्स ने उन्हें एक फिल्म रोल के लिए ईमेल किया था। उस ईमेल में शूटिंग डेज़, फिगर मेज़रमेंट जैसी डिटेल्स के साथ एक लाइन साफ-साफ लिखी थी – ‘कॉम्प्रोमाइज जरूरी है।’ बरखा के मुताबिक, ये बात इतनी सहजता से कही गई थी, जैसे ये इंडस्ट्री का कोई सामान्य नियम हो। उन्होंने कहा, “जब कोई इतनी बेहिचक चीजें लिखकर भेजे, तो साफ है कि उसे इस बात की कोई शर्म नहीं है।“
बरखा की सतर्कता बनी उनकी ढाल
बरखा ने बताया कि वो शुरू से ही ऐसी स्थितियों से दूर रहने की कोशिश करती हैं। उन्होंने कहा, “मैं जानती हूं कि ये सब इंडस्ट्री में होता है, इसलिए मैं पहले से सतर्क रहती हूं। मैं कोशिश करती हूं कि ऐसी जगह या ऐसे लोगों के बीच न रहूं जहां इस तरह के प्रस्ताव आ सकें।”
मज़बूती से आगे बढ़ रही हैं बरखा
आज की युवा पीढ़ी की लोकप्रिय अदाकाराओं में शुमार बरखा सिंह लगातार अपने अभिनय से दर्शकों का दिल जीत रही हैं। ‘क्रिमिनल जस्टिस 4’ में पंकज त्रिपाठी के साथ उनकी मौजूदगी को सराहा गया है। इसके अलावा ‘लफंगे’ और ‘द साबरमती रिपोर्ट’ जैसी फिल्मों में भी उन्होंने अपने अभिनय की छाप छोड़ी है।
बड़ा सवाल: कब बदलेगा सिस्टम?
बरखा का यह बयान सिर्फ एक व्यक्तिगत अनुभव नहीं, बल्कि इंडस्ट्री में मौजूद उस समस्या की ओर इशारा है, जिससे आज भी कई नए कलाकार जूझ रहे हैं। एक्ट्रेस का साफ कहना है कि उन्हें सौभाग्य से कभी ऐसे हालात का सामने से सामना नहीं करना पड़ा, लेकिन जो कुछ भी उन्होंने देखा या महसूस किया, वो काफी चौंकाने वाला था।
Also Read : गाजीपुर में अवैध कब्जों पर चला बुलडोजर, गरीबों को बेघर करने को अखिलेश यादव ने बताया…

