Basti: बिना बिजली के भेजा लाखों का बिल, रिश्वत के बिना नहीं सुन रहा बिजली विभाग!
Sandesh Wahak Digital Desk: बिजली विभाग की लापरवाही और भ्रष्टाचार की नई बानगी उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के कप्तानगंज विद्युत उपकेंद्र में देखने को मिली है, जहां एक मृतक के नाम पर न केवल बिजली कनेक्शन चालू रखा गया, बल्कि बिना बिजली इस्तेमाल किए लाखों का बिल थमा दिया गया। जब परिवार ने समाधान के लिए अधिकारियों से गुहार लगाई, तो समझौते के नाम पर रिश्वत मांगने का सिलसिला शुरू हो गया।
क्या है पूरा मामला
कप्तानगंज के एक निवासी जयराम के नाम पर विद्युत कनेक्शन संख्या 751608775701 दर्ज था। मार्च 2018 में विभाग ने 18,009 रुपये के बकाए पर कनेक्शन काटने का नोटिस जारी किया। उसी महीने, 27 मार्च को जयराम का निधन हो गया। उनके भाई ने 18 दिसंबर, 2018 और 12 मार्च, 2019 को समाधान दिवस में आवेदन देकर कनेक्शन को स्थायी रूप से बंद कराने की मांग की।
लेकिन बिजली विभाग ने न तो आवेदन पर कोई कार्रवाई की, न ही कनेक्शन का रिकॉर्ड बंद किया। नतीजतन, बिना बिजली खपत के लगातार लाखों का बिल भेजा जाने लगा। परिवार के अनुसार, उन्होंने कई बार विभाग से संपर्क किया, लेकिन हर बार उन्हें टाल दिया गया। अब विभाग के कर्मचारी समझौता कराने के नाम पर रुपयों की मांग कर रहे हैं। मृतक के नाम से कनेक्शन जोड़े बिना, वारिसों को बार-बार वसूली नोटिस भेजकर परेशान किया जा रहा है।
शिकायती पत्र बनते जा रहे कूड़े का हिस्सा
सूत्रों की मानें तो यह अकेला मामला नहीं है। विभाग में शिकायती पत्रों को गंभीरता से नहीं लिया जाता, बल्कि रद्दी की टोकरी में डाल दिया जाता है। दर्जनों परिवार इसी तरह की फर्जी बिलिंग, मीटर गड़बड़ी और झूठी वसूली का शिकार हो चुके हैं।
Also Read: Mirzapur: गैर इरादतन हत्या के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर भेजा जेल

