Basti News: 80 किमी साइकिल चला निकले तीन बच्चे, 25 घंटे बाद पुलिस ने CCTV की मदद से बरामद किया
Basti News: उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में तीन नाबालिग बच्चों की शरारत ने परिवार और पुलिस दोनों की जान सांसत में डाल दी। तीनों बच्चे अचानक घर से साइकिल लेकर निकल पड़े और करीब 80 किलोमीटर दूर संतकबीरनगर जिले तक पहुंच गए। परिजन पूरी रात परेशान रहे और पुलिस लगातार उनकी तलाश में जुटी रही। आखिरकार 25 घंटे बाद CCTV फुटेज की मदद से तीनों बच्चों को सकुशल बरामद कर लिया गया।
परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी
घटना बस्ती के लालगंज थाना क्षेत्र के खरवानिया गांव की है। रविवार सुबह करीब 9 बजे गांव के प्रिंस, मनी और उनका साथी साइकिल लेकर घूमने निकले थे। लेकिन जब शाम तक वे घर नहीं लौटे, तो परिवारवालों के होश उड़ गए। बच्चों की उम्र महज 7 से 13 साल के बीच है। परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने टीम बनाकर तलाश शुरू की और अलग-अलग जगहों के CCTV फुटेज खंगाले। इन फुटेज में बच्चे साइकिल से जाते हुए नजर आए। ट्रैकिंग करते-करते पुलिस संतकबीरनगर जिले तक पहुंची और आखिरकार बच्चों को सकुशल बरामद कर लिया।
पुलिस ने बच्चों को परिवार को सौंपा
दरअसल, प्रिंस और मनी अपनी नानी के घर रहकर पढ़ाई करते थे। रविवार की छुट्टी में तीनों दोस्तों को शरारत सूझी और वे साइकिल लेकर निकल पड़े। लेकिन उनकी यह ‘मस्ती’ बड़ी परेशानी बन गई।
25 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद जब पुलिस ने बच्चों को परिवार को सौंपा तो परिजनों की आंखों में खुशी के आंसू छलक पड़े। वहीं, गांव में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।
Also Read: जम्मू-कश्मीर के डोडा में फटा बादल, अचानक आई बाढ़ से 10 घर क्षतिग्रस्त

