Basti News: छात्रा को घर में घुसकर गोली मारने वाला मनदीप पुलिस एनकाउंटर में घायल

Basti News: बस्ती जिले के कलवारी थाना क्षेत्र में 12वीं की छात्रा पर जानलेवा हमला करने वाले मुख्य आरोपी मनदीप को पुलिस ने शुक्रवार तड़के एक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी है, जिसे घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

शुक्रवार सुबह एसओजी (SOG) और स्वाट (SWAT) की संयुक्त टीमों को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी मनदीप माझा इलाके में छिपा है और जिले से भागने की फिराक में है। जब पुलिस टीम ने उसे आत्मसमर्पण के लिए कहा, तो मनदीप ने भागने की कोशिश की और पुलिस पर अवैध तमंचे से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में गोलियां चलाईं, जिसमें एक गोली मनदीप के दाहिने पैर में जा लगी और वह वहीं गिर पड़ा। मौके से वारदात में इस्तेमाल तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं।

यह मामला एकतरफा प्यार और सनक से जुड़ा है। बैडारी एहतमाली गांव का रहने वाला मनदीप गांव की ही एक छात्रा पर शादी का दबाव बना रहा था। छात्रा और उसके परिवार ने जब इसका कड़ा विरोध किया, तो आरोपी आपा खो बैठा। उसने दुस्साहस दिखाते हुए छात्रा के घर में घुसकर उसे करीब से गोली मार दी थी। छात्रा की हालत फिलहाल गंभीर बनी हुई है।

लापरवाह पुलिसकर्मियों पर भी गिरी गाज

इस मामले में पुलिस प्रशासन ने केवल अपराधी ही नहीं, बल्कि महकमे के भीतर मौजूद लापरवाह अधिकारियों पर भी सख्त कार्रवाई की है। छात्रा के परिजनों का आरोप था कि उन्होंने पहले भी आरोपी की हरकतों की शिकायत की थी, लेकिन पुलिस ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। इस घोर लापरवाही को देखते हुए प्रशासन ने कलवारी थानाध्यक्ष और विवेचक (IO) को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया था।

Also Read: T20 World Cup 2026: भारत जैसा कोई नहीं… ध्वस्त हुआ महारिकॉर्ड

Get real time updates directly on you device, subscribe now.