Basti News: सरयू नहर की चार माइनरों की गाद सफाई पूरी, अब खेतों तक भरपूर पानी पहुंचेगा
Basti News: उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के किसानों के चेहरे पर इन दिनों मुस्कान है। कारण है कि उनकी सिंचाई की जीवनरेखा कही जाने वाली सरयू नहर परियोजना की चार महत्वपूर्ण माइनरों (उप-शाखाओं) की गाद (सिल्ट) की सफाई का कार्य युद्ध स्तर पर पूरा कर लिया गया है। इससे इलाके के हजारों किसानों को आने वाले समय में भरपूर सिंचाई सुविधा मिलने की उम्मीद है।
किन माइनरों की हुई सफाई
सफाई का कार्य जिन चार माइनरों पर हुआ है, उनमें शामिल हैं।
एकटेकवा माइनर – 4.635 किलोमीटर लंबी
चेतरा माइनर – 8.265 किलोमीटर लंबी
गणेशपुर माइनर – 7.500 किलोमीटर लंबी
परसपुर माइनर – 4.00 किलोमीटर लंबी
इन माइनरों में जमी गाद की वजह से पानी का प्रवाह बाधित हो रहा था, जिससे दूर के खेतों तक पानी नहीं पहुंच पाता था। अब पूरी तरह सफाई हो जाने से नहरों में अबाधित और भरपूर पानी बहेगा।

किसानों में खुशी की लहर
इस कार्य से सीधे लाभान्वित होने वाले किसानों ने संदेश वाहक से खुशी जताई। एकटेकवा माइनर के किसान राजमणि पांडे और राममूरत पांडेय ने कहा, पहले इतनी अच्छी सफाई कभी नहीं हुई। अब खेत तक पानी आएगा, तो फसल अच्छी होगी। इसी तरह गणेशपुर माइनर के टिंपू चौबे, अमरनाथ यादव और परसपुर माइनर के पप्पू पांडे, नेबूलाल यादव जैसे किसानों ने भी इस कार्य की सराहना की। किसानों ने यह भी कहा कि अगर अधिकारी भ्रष्टाचार से मुक्त रहकर इसी तरह जनहित के काम करते रहे, तो हर कार्य की गुणवत्ता बनी रहेगी।

अधिकारियों की मेहनत रंग लाई
यह कार्य अधीक्षण अभियंता, पंचदशम मंडल गोंडा, मनोज साहू और अधिशासी अभियंता सतीश कुमार के निर्देशन में एसडीओ शिव गोपाल शुक्ला की टीम की मेहनत से संपन्न हुआ है। श्री साहू के बारे में बताया जाता है कि उनकी ठेकेदारों के प्रति निर्भीक नीति के कारण उनके अधीनस्थ अधिकारियों में काम का मनोबल बढ़ा है।

किसानों को सुविधा देना लक्ष्य
अधिशासी अभियंता सतीश कुमार ने बताया, बस्ती में सरयू नहर परियोजना का मूल लक्ष्य ही किसानों को सिंचाई सुविधा देना है। इसी मकसद से इन माइनरों की हेड से टेल तक गाद सफाई कराई गई है। उन्होंने कहा कि यह कार्य शासन की मंशा के अनुरूप किसान हित में किया गया है।
इस पहल से न सिर्फ किसानों की फसल उपज बढ़ने की उम्मीद है, बल्कि जल संसाधन विभाग की छवि भी जनहितैषी कार्यों के चलते सुधरेगी।
रिपोर्ट- जाकिर खान

