डिवाइडर से टकराई तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर, गुजरात की महिला सिपाही समेत 5 की दर्दनाक मौत

Sandesh Wahak Digital Desk: पंजाब के बठिंडा जिले से शनिवार की सुबह एक बेहद दुखद खबर आई है। घने कोहरे और तेज रफ्तार के जानलेवा तालमेल ने पांच परिवारों की खुशियां छीन लीं। गांव गुरथड़ी के पास एक फॉर्च्यूनर गाड़ी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई, जिसमें गुजरात पुलिस की एक महिला सिपाही समेत पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसा उस वक्त हुआ जब गुजरात पुलिस की महिला सिपाही अमिता अपने चार दोस्तों अंकुश, भरत, चेतन और सतीश के साथ बठिंडा से गुजरात की ओर लौट रही थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह कोहरा इतना घना था कि सामने का रास्ता साफ दिखाई नहीं दे रहा था। तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर जैसे ही गुरथड़ी गांव के पास हाईवे पर पहुँची, संतुलन बिगड़ने से वह सीधे डिवाइडर में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि गाड़ी का अगला हिस्सा लोहे के मलबे में तब्दील हो गया। गाड़ी में सवार सभी पांचों लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम और सड़क सुरक्षा बल (SSF) तुरंत मौके पर पहुँचे। एसपी सिटी नरिंदर सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए बठिंडा के सिविल अस्पताल भेज दिया गया है। मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है और उनके पंजाब पहुँचते ही आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

सीएम भगवंत मान ने जताया दुख

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इस हृदय विदारक घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से कहा, प्रशासन को तुरंत जांच के आदेश दिए गए हैं। हर एक जिंदगी कीमती है। मैं लोगों से अपील करता हूँ कि घने कोहरे के दौरान गाड़ी चलाते समय बेहद सतर्क रहें और सावधानी बरतें।

Also Read: यूपी के 6 जिलों को मिलेगी हाईटेक कोर्ट की सौगात, CJI सूर्यकांत और CM योगी ने किया एकीकृत न्यायालय परिसरों का शिलान्यास

Get real time updates directly on you device, subscribe now.