KBC में रणधीर सिंह ने जीते 25 लाख, देश की पहली वंदे भारत चलाने वाले लोको पायलट ने हॉट सीट पर रचा इतिहास
Sandesh Wahak Digital Desk: अमिताभ बच्चन के मशहूर क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ (KBC) ने एक बार फिर एक आम इंसान की जिंदगी में खुशियों के रंग भर दिए हैं। बठिंडा के रहने वाले रणधीर सिंह ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर शानदार खेल दिखाया और शो से 25 लाख रुपये की बड़ी इनामी राशि अपने नाम की। रणधीर की यह जीत इसलिए भी खास है क्योंकि वह पेशे से एक ट्रेन ड्राइवर (लोको पायलट) हैं और देश के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि का हिस्सा रह चुके हैं।
रणधीर सिंह ने बातचीत में अपनी पेशेवर जिंदगी के बारे में एक बेहद दिलचस्प बात साझा की। उन्होंने बताया कि वह रेलवे विभाग में लोको पायलट हैं और देश की पहली वंदे भारत एक्सप्रेस चलाने वाले वह पहले शख्स थे। उन्होंने गर्व से कहा, जिस वंदे भारत को प्रधानमंत्री मोदी ने हरी झंडी दिखाई थी, मैं उस ऐतिहासिक पल का हिस्सा था और उस ट्रेन को मैं ही चला रहा था।
24 साल का लंबा इंतजार और तैयारी
रणधीर सिंह ने बताया कि वह साल 2000 से, यानी केबीसी के पहले सीजन से ही इस शो को देख रहे हैं। वह पिछले कई सालों से लगातार शो में शामिल होने के लिए तैयारी कर रहे थे। आखिरकार उनकी मेहनत रंग लाई और उन्हें केबीसी के 95वें एपिसोड में हॉट सीट पर बैठने का मौका मिला।
रणधीर अकेले नहीं, बल्कि अपनी पत्नी के साथ इस सफर पर निकले थे। 25 लाख रुपये के लिए उनसे फॉर्मूला-1 रेसिंग लेजेंड माइकल शूमाकर के फिजिकल कोच के बारे में पूछा गया था। रणधीर ने बताया, हमें जवाब पक्का नहीं पता था, लेकिन हम दोनों ने आपसी सूझ-बूझ से पंजाब के बलवीर सिंह का नाम लिया, और हमारा अनुमान बिल्कुल सही निकला। हालांकि, 50 लाख का सवाल काफी कठिन था, इसलिए उन्होंने कोई जोखिम न लेते हुए खेल को 25 लाख पर ही छोड़ने (क्विट करने) का फैसला किया।
Also Read: BMC चुनाव के लिए सपा ने जारी की उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट, अब तक 30 नामों का ऐलान

