BCCI का एलान, Womens Cricket World Cup जीतने पर टीम इंडिया को ₹51 करोड़ का नकद इनाम
Womens Cricket World Cup : भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने रविवार को जहाँ देश का सिर गर्व से ऊँचा किया, वहीं अब उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने एक शानदार इनाम से नवाज़ा है। बीसीसीआई ने सोमवार को घोषणा की कि आईसीसी महिला वनडे विश्व कप जीतने वाली टीम को 51 करोड़ रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा।
टीम के हर सदस्य को मिलेगा सम्मान
बीसीसीआई के सचिव देवजीत सैकिया ने बताया कि यह राशि केवल खिलाड़ियों तक ही सीमित नहीं रहेगी, बल्कि इसे टीम के सहयोगी स्टाफ और राष्ट्रीय चयन समिति के सदस्यों के बीच भी बाँटा जाएगा। उन्होंने कहा, “बीसीसीआई विश्व कप जीतने पर भारतीय महिला क्रिकेट टीम को 51 करोड़ रुपये का नकद पुरस्कार देगा। इसमें टीम की सभी खिलाड़ी, सपोर्ट स्टाफ और चयन समिति के सदस्य शामिल होंगे।”
महिला क्रिकेट के लिए मील का पत्थर
सैकिया ने टीम की इस जीत को “भारतीय महिला क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक ले जाने वाली ऐतिहासिक उपलब्धि” करार दिया। यह पुरस्कार न सिर्फ एक बड़ी राशि है, बल्कि महिला क्रिकेटरों के अथक परिश्रम और समर्पण को दिया गया एक सुंदर सलामी है।
Also Read : Women’s World Cup 2025 Final: खिताबी जीत में इन 3 भारतीय खिलाड़ियों ने निभाई अहम भूमिका

