IPL 2026 नीलामी से पहले BCCI का बड़ा अपडेट, शॉर्टलिस्ट में 19 नए खिलाड़ियों की एंट्री

अभिमन्यु ईश्वरन समेत कई घरेलू-विदेशी नाम शामिल, KKR और CSK के पास सबसे बड़ा पर्स

Sandesh Wahak Digital Desk: आईपीएल 2026 की मिनी नीलामी से पहले भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने खिलाड़ियों की सूची में अहम बदलाव किया है।

पहले से शॉर्टलिस्ट किए गए 350 खिलाड़ियों की सूची में 19 नए खिलाड़ियों को जोड़ा गया है, जिससे नीलामी को लेकर उत्साह और बढ़ गया है।

आईपीएल 2026 की नीलामी में कुल 10 फ्रेंचाइजी हिस्सा लेंगी। कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के पास संयुक्त रूप से 107 करोड़ रुपये से अधिक का पर्स है और माना जा रहा है कि ये दोनों टीमें नीलामी में सबसे ज्यादा सक्रिय रहेंगी।

वहीं, सनराइजर्स हैदराबाद (SRH), लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) और दिल्ली कैपिटल्स (DC) के पास भी 20 करोड़ रुपये से अधिक की राशि मौजूद है।

शुरुआत में 1,390 पंजीकृत खिलाड़ियों में से 350 खिलाड़ियों को नीलामी के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया था। क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, सोमवार देर रात इस सूची में 19 और खिलाड़ियों को शामिल किया गया।

IPL 2026

इनमें भारतीय बल्लेबाज अभिमन्यु ईश्वरन का नाम भी शामिल है, जिन्हें टेस्ट टीम में चयन के बावजूद अभी तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण का मौका नहीं मिला है। शॉर्टलिस्ट सूची में ईश्वरन को 360वां स्थान दिया गया है।

नई सूची में मणि शंकर मुरा सिंह, वीरनदीप सिंह, चामा मिलिंद, केएल श्रीजीत, एथन बॉश, क्रिस ग्रीन, स्वास्तिक चिकारा, विराट सिंह, काइल वेरेन, ब्लेसिंग मुजाराबानी, बेन सियर्स और तन्मय अग्रवाल जैसे कई घरेलू और विदेशी खिलाड़ी भी शामिल हैं।

आईपीएल 2026 की इस नीलामी में कुल 77 स्लॉट उपलब्ध हैं, जिनमें 31 स्थान विदेशी खिलाड़ियों के लिए आरक्षित हैं। सबसे ज्यादा 13 खाली स्लॉट तीन बार की चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स के पास हैं, जबकि सनराइजर्स हैदराबाद के पास 10 स्लॉट खाली हैं।

मंगलवार को अबू धाबी के एतिहाद स्टेडियम में होने वाली इस नीलामी में कैमरून ग्रीन, लियाम लिविंगस्टोन और रवि बिश्नोई जैसे खिलाड़ियों पर सभी की निगाहें टिकी रहेंगी।

दुबई (2024) और जेद्दा (2025) के बाद यह लगातार तीसरी बार होगा जब आईपीएल की नीलामी भारत से बाहर आयोजित की जा रही है।

Also Read: IPL 2026 Auction: नीलामी के छुपे रुस्तम, ये 5 अनकैप्ड भारतीय बन सकते हैं फ्रेंचाइजियों की पहली पसंद

Get real time updates directly on you device, subscribe now.