BCCI चुनाव की दस्तक, राजीव शुक्ला बनेंगे अध्यक्ष या होगी चौंकाने वाली एंट्री?
Sandesh Wahak Digital Desk: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) में एक बार फिर चुनावी हलचल तेज़ हो गई है। मौजूदा अध्यक्ष रोजर बिन्नी के रिटायरमेंट के बाद अध्यक्ष पद खाली हो चुका है, और अब बोर्ड में नई नियुक्तियों की अटकलें शुरू हो गई हैं।
इस बीच सबसे बड़ा सवाल ये है कि क्या मौजूदा कार्यकारी अध्यक्ष राजीव शुक्ला BCCI के नए अध्यक्ष बनेंगे? साथ ही, आईपीएल चेयरपर्सन अरुण धूमल की कुर्सी भी खतरे में बताई जा रही है।
क्या राजीव शुक्ला होंगे अगले अध्यक्ष?
राजीव शुक्ला भारतीय क्रिकेट में एक जाना-पहचाना नाम हैं। वे कई वर्षों से BCCI की विभिन्न समितियों में काम कर चुके हैं, जिसमें सब-कमेटी, टीम मैनेजमेंट और आईपीएल चेयरपर्सन जैसी अहम जिम्मेदारियां शामिल हैं। 2020 में वे BCCI के उपाध्यक्ष बने और वर्तमान में कार्यकारी अध्यक्ष की भूमिका निभा रहे हैं।

हालांकि, उनकी नियुक्ति को लेकर एक तकनीकी बाधा है। सुप्रीम कोर्ट के 2022 के फैसले के अनुसार, BCCI या राज्य संघों में कोई भी अधिकारी लगातार 6 साल से अधिक तक पद पर नहीं रह सकता।
राजीव शुक्ला को उपाध्यक्ष रहते हुए 4.5 साल से ज्यादा हो चुके हैं। यदि वे अध्यक्ष बनते हैं, तो उनका कार्यकाल दिसंबर 2026 तक सीमित रहेगा।
आईपीएल चेयरपर्सन की कुर्सी पर संकट
दूसरी ओर, आईपीएल चेयरपर्सन अरुण धूमल के भविष्य को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं। धूमल 2019 में BCCI के ट्रेजरर बने थे और 2022 से आईपीएल चेयरपर्सन की भूमिका निभा रहे हैं।
हालांकि, सुप्रीम कोर्ट के दिशानिर्देशों के अनुसार, बोर्ड में किसी भी पदाधिकारी को 6 साल की सेवा के बाद 3 साल का ‘कूलिंग ऑफ पीरियड’ लेना होता है।

हालांकि, रिपोर्ट्स के अनुसार धूमल ने ऑफिस-बेयरर के तौर पर केवल 3 साल ही पूरे किए हैं, जिससे उनके कूलिंग ऑफ को लेकर असमंजस की स्थिति है। यदि उन्हें पद छोड़ना पड़ता है, तो अनिरुद्ध चौधरी को आईपीएल चेयरपर्सन की दौड़ में सबसे आगे माना जा रहा है।
BCCI चुनाव में कई अहम फैसलों की उम्मीद
BCCI में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव और ट्रेजरर जैसे चार बड़े पदों पर चुनाव संभावित हैं। ऐसे में क्रिकेट प्रशासनों और राजनीतिक समीकरणों के बीच यह चुनावी दौर खासा रोचक होने वाला है।
सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि क्या राजीव शुक्ला को अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी मिलेगी या फिर कोई नया चेहरा बोर्ड की कमान संभालेगा।

