“BCCI को देश के सम्मान के साथ समझौता नहीं करना चाहिए”, पाक के T20 World Cup मैच बहिष्कार पर बरसे इमरान मसूद
Sandesh Wahak Digital Desk: ICC पुरुष टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच प्रस्तावित मुकाबले को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। पाकिस्तान सरकार की ओर से कहा गया है कि 15 फरवरी को भारत के खिलाफ होने वाले T20 World Cup के मैच में पाकिस्तान टीम मैदान पर नहीं उतरेगी। इस फैसले के बाद भारत में भी राजनीतिक प्रतिक्रिया सामने आने लगी है और इस मुद्दे पर कांग्रेस नेताओं के बयान चर्चा में आ गए हैं।
इमरान मसूद ने BCCI के रुख पर उठाए सवाल
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भारत को टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान के साथ खेलने से पहले ही इंकार कर देना चाहिए था। उन्होंने कहा कि BCCI को देश के सम्मान के साथ समझौता नहीं करना चाहिए। मसूद ने उदाहरण देते हुए कहा कि जब एक बांग्लादेशी खिलाड़ी को साइन किया गया था तब काफी विवाद हुआ था, ऐसे में पाकिस्तान के साथ मैच खेलने की इच्छा क्यों दिखाई जा रही है। उन्होंने कहा कि भारत को पहले दिन से ही साफ रुख अपनाना चाहिए था और दोनों देशों के बीच किसी भी तरह के संबंध नहीं होने चाहिए थे।
मणिकम टैगोर ने दी प्रतिक्रिया
कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने इस पूरे विवाद को क्रिकेट के राजनीतिकरण से जोड़कर देखा। उन्होंने कहा कि क्रिकेट में राजनीति लंबे समय से होती आ रही है। टैगोर ने ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए बताया कि उस समय भी भारत और पाकिस्तान के बीच खेल संबंधों को रोकने की मांग उठी थी। उन्होंने उम्मीद जताई कि भारत सरकार इस मुद्दे पर ऐसा फैसला लेगी जिससे देश के हितों की रक्षा सुनिश्चित हो सके।
टूर्नामेंट की मेजबानी और टीम इंडिया का प्रदर्शन
दरअसल ICC टी20 वर्ल्ड कप 2026 की मेजबानी भारत और श्रीलंका संयुक्त रूप से कर रहे हैं। अगर मैदान के प्रदर्शन की बात करें तो भारतीय टीम इस समय शानदार फॉर्म में चल रही है। हाल ही में भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज 4-1 से अपने नाम की थी। वहीं टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान का भारत के खिलाफ रिकॉर्ड भी अच्छा नहीं रहा है, जो इस मुकाबले को और ज्यादा चर्चा में ला रहा है।
Also Read: T20 World Cup 2026: भारत से मैच के बहिष्कार पर ICC सख्त, PCB को दी कड़ी चेतावनी

