Asia Cup फाइनल में पाकिस्तान से करारी शिकस्त के बाद BCCI सख्त, कोच-कप्तान से तलब होगी रिपोर्ट
Sandesh Wahak Digital Desk: अंडर-19 एशिया कप 2025 के फाइनल में पाकिस्तान से मिली 191 रनों की करारी हार को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने गंभीरता से लिया है।
पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए अजेय रही भारतीय टीम का फाइनल में इस तरह बिखर जाना बोर्ड के लिए चिंता का विषय बन गया है।
सोमवार, 22 दिसंबर 2025 को हुई बीसीसीआई की ऑनलाइन एपेक्स काउंसिल बैठक में यह फैसला लिया गया कि इस बार बोर्ड सिर्फ टीम मैनेजर की लिखित रिपोर्ट तक सीमित नहीं रहेगा।
BCCI ने हेड कोच ऋषिकेश कानिटकर और कप्तान आयुष म्हात्रे से सीधे बातचीत कर फाइनल मुकाबले में टीम के कमजोर प्रदर्शन पर जवाब तलब करने का निर्णय लिया है।

फाइनल में हर विभाग में पिछड़ी टीम इंडिया
अंडर-19 एशिया कप के फाइनल मुकाबले में पाकिस्तान ने हर विभाग में भारत पर दबदबा बनाए रखा। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने समीर मिन्हाज की 172 रनों की शानदार पारी की मदद से 347/8 का विशाल स्कोर खड़ा किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की बल्लेबाजी पूरी तरह चरमरा गई। टूर्नामेंट के शुरुआती मैचों में शतक लगाने वाले वैभवी सूर्यवंशी इस बार सिर्फ 26 रन ही बना सके, जबकि कप्तान और आईपीएल स्टार आयुष म्हात्रे मात्र 2 रन पर आउट हो गए।
पाकिस्तान के तेज गेंदबाजों ने सटीक लाइन और लेंथ के साथ गेंदबाजी करते हुए भारतीय टीम को 156 रनों पर समेट दिया और खिताब अपने नाम कर लिया।
सामान्य समीक्षा से अलग BCCI की सख्ती
रिपोर्ट के मुताबिक, बीसीसीआई का यह सख्त रुख इस बात का संकेत है कि बोर्ड भविष्य की चुनौतियों को लेकर किसी तरह की ढिलाई नहीं बरतना चाहता।
आमतौर पर टूर्नामेंट के बाद एक औपचारिक रिपोर्ट के आधार पर समीक्षा होती है, लेकिन कोच और कप्तान से सीधे चर्चा करने का फैसला यह दर्शाता है कि बोर्ड हार के मूल कारणों की गहराई से पड़ताल करना चाहता है।
इस समीक्षा बैठक में तकनीकी कमियों के साथ-साथ मैदान पर हुए उन क्षणों पर भी चर्चा हो सकती है, जब भारतीय और पाकिस्तानी खिलाड़ियों के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली थी।
हालांकि, अनुशासनात्मक कार्रवाई को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन बीसीसीआई ने स्पष्ट कर दिया है कि प्रदर्शन और अनुशासन दोनों उसकी प्राथमिकता रहेंगे।
Also Read: IPL के इस धुरंधर खिलाड़ी ने अचानक लिया संन्यास, 14 साल के क्रिकेट करियर को कहा अलविदा

